Latest News / ताज़ातरीन खबरें

बारिश और तेज हवाओं के बीच डीएम ने शहर का लिया जायजा, व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के दिए निर्देश

देवरिया । जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने आज हो रही बारिश एवं तेज चल रही हवाओं के बीच नगर में जलभराव, सड़क पर पेड़ गिरने की स्थिति तथा विद्युत आपूर्ति की अनियमितता की पड़ताल करने के लिए नगरीय क्षेत्र का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने सड़क पर गिरे पेड़ों की टहनियों आदि को हटवाने के साथ ही विद्युत आपूर्ति एवं जलभराव की स्थिति को दुरुस्त किए जाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। इस दौरान उन्होंने अधिशासी अधिकारियों, नगर पालिका एवं नगर निकायों को भी निर्देश दिया कि वे नगरीय क्षेत्र में भ्रमणशील रहते हुए जलभराव आदि की स्थिति पर अपनी सजग एवं सतर्क दृष्टि रखते हुए कहीं भी इस तरह की स्थिति उत्पन्न न होने दें। साथ ही आवागमन और विद्युत आपूर्ति भी सुगमतापूर्वक सुनिश्चित हो, इसके लिए तत्परतापूर्वक कार्य करें।
          जिलाधिकारी ने सलेमपुर मार्ग पर सावित्री अस्पताल के निकट भ्रमण के दौरान पेड़ की टहनी सड़क पर गिरे होने तथा आवागमन में बाधा उत्पन्न होने की स्थिति को देखते हुए तत्काल उसे हटवाकर आवागमन की सुविधा बहाल कराई। इसके साथ ही विद्युत आपूर्ति की सुगमता एवं नियमितता की पड़ताल करने के लिए 132 केवीए भटवलिया उपकेंद्र का भी औचक निरीक्षण किया। उन्होंने निर्देश दिया कि ट्रिपिंग आदि की समस्या को कम किया जाए। जहां भी तेज हवा आदि के कारण विद्युत आपूर्ति बाधित हुई हो, उसे तत्काल बहाल करते हुए नियमित विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।
           जिलाधिकारी ने इसके उपरांत ट्यूबवेल कॉलोनी स्थित अधीक्षण अभियंता विद्युत के कंट्रोल रूम का भी निरीक्षण किया और पूरे जनपद में विद्युत आपूर्ति सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी के निरीक्षण के दौरान अधीक्षण अभियंता सहित विद्युत विभाग के कर्मचारी आदि उपस्थित रहे।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh