सात अक्टूबर तक होगा ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम आंगनबाड़ी केंद्रों पर तीन दिवसीय उत्सव, संवाद और सम्मान समारोह का होगा आयोजन
देवरिया ।सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के सार्वजनिक सम्मान तथा माताओं तक पोषण, स्वास्थ्य एवं महिला कल्याण से जुड़ी योजनाओं की जानकारी सरल एवं सहज भाषा में पहुंचाने के उद्देश्य से 25 सितंबर से 07 अक्टूबर 2026 तक ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके तहत प्रत्येक आंगनबाड़ी केंद्र पर तीन दिवसीय उत्सव एवं संवाद कार्यक्रम होंगे।
कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, सहायिकाओं, आशा दीदियों एवं उत्कृष्ट लाभार्थी माताओं का सार्वजनिक सम्मान कर उन्हें प्रमाण-पत्र प्रदान किए जाएंगे। देश एवं प्रदेश में महिला एवं बाल विकास के क्षेत्र में संचालित योजनाओं एवं कार्यक्रमों से आए बदलावों की जानकारी देने वाली पुस्तिका का वितरण किया जाएगा। साथ ही प्राप्त पत्र का वाचन भी किया जाएगा।
इस दौरान बच्चों के लिए ‘हेल्दी बेबी’ प्रतियोगिता आयोजित कर विजेता बच्चों को पुरस्कृत किया जाएगा। बच्चों को कॉमिक बुक्स, खिलौने, फल एवं मिठाई वितरित की जाएगी। इसके अलावा अतिरिक्त पोषाहार एवं आवश्यक सामग्री के वितरण की भी व्यवस्था की जाएगी।

























































Leave a comment