दो घंटे की बारिश में अस्पताल परिसर जलमग्न
देवरिया। लार, दो घंटे हुई तेज बारिश ने लार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में जलनिकासी की बदहाल व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी। बारिश थमने के बाद भी सीएचसी परिसर तालाब में तब्दील रहा। अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों और तीमारदारों को घुटने तक भरे पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ा। इलाज कराने आए मरीजों को पानी में खड़े होकर पर्ची कटानी पड़ी।
सोमवार को हुई बारिश के बाद सीएचसी के मुख्य परिसर, पर्ची काउंटर और आने-जाने वाले रास्तों के आसपास पानी जमा हो गया। सबसे अधिक परेशानी गंभीर मरीजों, बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को हुई। कई मरीज पानी से बचते-बचाते अस्पताल के भीतर पहुंचे। तीमारदारों का कहना था कि जिस अस्पताल में मरीज स्वस्थ होने के लिए आते हैं, वहां प्रवेश से पहले ही उन्हें जलभराव
से होकर गुजरना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार हल्की बारिश में भी सीएचसी परिसर में पानी जमा होता रहा है। इसके बावजूद नगर पंचायत और अस्पताल प्रशासन ने अब तक समस्या का स्थायी समाधान कराने की गंभीर पहल नहीं की। हर साल बारिश के मौसम में यही स्थिति सामने आती है और जिम्मेदार अधिकारी व्यवस्था सुधारने के बजाय समस्या के दोबारा खत्म होने का इंतजार करते दिखाई देते हैं।
स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि सीएचसी परिसर की जलनिकासी व्यवस्था तत्काल दुरुस्त नहीं की गई तो अगली तेज बारिश में स्थिति और गंभीर हो सकती है। लोगों ने नगर पंचायत और स्वास्थ्य विभाग के उच्चाधिकारियों से स्थायी जलनिकासी व्यवस्था कराने तथा अब तक की गई कार्रवाई की जांच कराने की मांग की है।


























































Leave a comment