फरिहा पुलिस चौकी के सामने स्कूल से घर लौट रही छात्रा के साथ एक मनचले ने बीच सड़क पर छेड़खानी की
आजमगढ़ जनपद के निजामाबाद थाना क्षेत्र के फरिहा इलाके में पुलिस चौकी के ठीक सामने छात्रा के साथ छेड़खानी का मामला सामने आया है। घटना दोपहर करीब 1:30 बजे की है, जब एक निजी विद्यालय की छात्रा छुट्टी होने के बाद अपनी सहेलियों के साथ घर लौट रही थी। इसी दौरान पुलिस चौकी के सामने ही एक अराजक तत्व ने बीच सड़क पर छात्रा के साथ बदसलूकी शुरू कर दी।
ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले किया
बीच सड़क पर हो रही इस घटना पर जब स्थानीय ग्रामीणों की नज़र पड़ी, तो उन्होंने तुरंत इसका विरोध किया। ग्रामीणों ने मौके पर ही आरोपी को दबोच लिया और उसकी पिटाई करने के बाद उसे फरिहा पुलिस चौकी के सुपुर्द कर दिया। ग्रामीणों ने आरोपी की मोटरसाइकिल भी पुलिस को सौंप दी है। पुलिस हिरासत में पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना नाम सत्यम (16 वर्ष), पुत्र भीमचंद, निवासी आजमगढ़ बताया।
चौकी इंचार्ज के बयान पर भड़का जनाक्रोश
घटना के बाद फरिहा चौकी इंचार्ज चित्रांशु मिश्रा के एक बयान ने विवाद खड़ा कर दिया है। प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि चौकी इंचार्ज ने बेहद गैर-जिम्मेदाराना जवाब देते हुए कहा कि "इस स्कूल की सारी लड़कियां गड़बड़ हैं।" चौकी इंचार्ज के इस रवैये और बयान के बाद पूरे क्षेत्र के ग्रामीणों और अभिभावकों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
मामले में पुलिस की सफाई
दूसरी ओर, चौकी प्रभारी चित्रांशु मिश्रा का कहना है कि पुलिस मामले की जांच और पूछताछ कर रही है। पूछताछ के दौरान लड़के ने बताया कि वे दोनों ढाई साल से एक ही स्कूल में साथ पढ़ते थे और आपस में बात करते थे। छात्रा के किसी अन्य से बातचीत करने की बात पर उनका विवाद हुआ, जिसके कारण उसने सड़क पर मारपीट की।
चौकी प्रभारी ने स्पष्ट किया कि अभी तक पीड़िता या उसके परिजनों की तरफ से कोई लिखित प्रार्थना पत्र (तहरीर) नहीं मिला है। तहरीर मिलते ही विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल आरोपी युवक और उसकी मोटरसाइकिल दोनों पुलिस की कस्टडी में हैं।























































Leave a comment