Latest News / ताज़ातरीन खबरें

चारपाई पर सो रहे किशोर को करैत सांप ने डसा दो बार डसने के बाद खुली नींद, सांप को देखकर घबराया किशोर; डॉक्टर ने शुरू किया उपचार

आजमगढ़। गाजीपुर जनपद के भुड़कुड़ा थाना क्षेत्र के देईपुर गांव निवासी 15 वर्षीय अखिलेश चौहान को शनिवार की रात चारपाई पर सोते समय जहरीले सांप ने डस लिया। सर्पदंश के बाद परिजन उसे उपचार के लिए रविवार सुबह आजमगढ़ जनपद के खरिहानी बाजार स्थित आशीर्वाद क्लीनिक लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सक ने उपचार शुरू किया। फिलहाल किशोर की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। परिजनों के अनुसार, शनिवार की रात करीब चार बजे अखिलेश चारपाई पर सो रहा था। इसी दौरान जहरीले सांप ने उसके बाएं हाथ में डस लिया। पहली बार डसने का उसे पता नहीं चला। कुछ देर बाद सांप ने दोबारा डसा तो उसकी नींद खुल गई। चारपाई के पास सांप को देखकर किशोर जोर-जोर से चिल्लाने लगा। आवाज सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और सांप को मार दिया। बताया गया कि सांप को देखने के बाद किशोर काफी घबरा गया और परिजनों से कहने लगा कि अब वह नहीं बचेगा। इसके बाद वह बेहोश हो गया। परिजन तत्काल उसे लेकर रविवार सुबह करीब छह बजे खरिहानी बाजार स्थित आशीर्वाद क्लीनिक पहुंचे। सर्पदंश विशेषज्ञ डॉ. नरेंद्र पांडेय ने मरे हुए सांप को देखकर उसकी पहचान करैत के रूप में की और तत्काल उपचार शुरू किया। उन्होंने बताया कि किशोर अब बोल रहा है और उसकी हालत खतरे से बाहर है। उन्होंने सर्पदंश की स्थिति में शरीर के डसे हुए स्थान के ऊपरी हिस्से पर सावधानीपूर्वक पट्टी बांधकर मरीज को तत्काल अस्पताल पहुंचाने की सलाह दी।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh