स्पा सेंटर पर पुलिस-चाइल्ड हेल्पलाइन का छापा, नाबालिग से मसाज और देह व्यापार की मिली थी शिकायत, मिली अन्य कमियां
आजमगढ़। मोहम्मदाबाद-चुनुगपार रोड मोड़ स्थित ‘स्पा सेंटर’ पर रविवार को पुलिस और चाइल्ड हेल्पलाइन-1098 की संयुक्त टीम ने औचक छापेमारी की। कार्रवाई एक ग्रामीण की शिकायत के आधार पर की गई, जिसमें स्पा सेंटर में नाबालिग लड़कियों से मसाज कराने और इसकी आड़ में देह व्यापार संचालित किए जाने का आरोप लगाया गया था। जांच के दौरान शिकायत में लगाए गए आरोपों की मौके पर पुष्टि नहीं हो सकी।
छापेमारी के दौरान स्पा सेंटर में केवल दो कर्मचारी मौजूद मिले। पुलिस टीम ने दोनों की उम्र की जांच कराई, जिसमें दोनों बालिग पाए गए। टीम को मौके से देह व्यापार अथवा किसी अन्य अनैतिक गतिविधि से संबंधित कोई प्रत्यक्ष साक्ष्य भी नहीं मिला।
हालांकि निरीक्षण के दौरान स्पा सेंटर में नियमों से जुड़ी कई कमियां सामने आईं। कर्मचारियों के पास मसाज कार्य से संबंधित प्रशिक्षण अथवा प्रमाणपत्र नहीं मिला। इसके अलावा परिसर में आग जैसी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक फायर सेफ्टी की व्यवस्था भी नहीं पाई गई।
चाइल्ड हेल्पलाइन-1098 के उपनिरीक्षक उमेश कुमार और संजय शाही ने बताया कि 25 अगस्त को प्राप्त शिकायत के आधार पर संयुक्त टीम ने स्पा सेंटर की जांच की। उन्होंने कहा कि जांच के दौरान नाबालिगों से मसाज कराने अथवा देह व्यापार से संबंधित कोई तथ्य नहीं मिला। हालांकि नियमों के उल्लंघन से जुड़ी कमियों को लेकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
टीम ने स्पष्ट किया कि स्पा सेंटरों अथवा अन्य संस्थानों के संबंध में नियमों के उल्लंघन या संदिग्ध गतिविधियों की शिकायत मिलने पर पुलिस और संबंधित विभागों की ओर से जांच और वैधानिक कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
छापेमारी टीम में उपनिरीक्षक उमेश कुमार, संजय शाही, मोनी राय, हेड कांस्टेबल रामजन्म और प्रदीप पांडेय शामिल रहे।






















































Leave a comment