Latest News / ताज़ातरीन खबरें

सजांव के परमहंस धाम में गूंजी पहलवानों की शानदार कुश्ती का हुआ आयोजन 25 जोड़ियों ने आजमाए दांव पेच

देवरिया।लार। विकास खंड लार के सजांव स्थित भगवान आशुतोष/परमहंस धाम परिसर के अखाड़े में वर्षों से चली आ रही परंपरागत दंगल प्रतियोगिता रविवार को उत्साह और रोमांच के बीच सम्पन्न हुई। प्रतियोगिता में गोरखपुर, बलिया, गाजीपुर, बनारस, गोपालगंज समेत मंडल तथा कई राज्यों से पहुंचे पहलवानों ने अपने दांव-पेच और कुश्ती कला का प्रदर्शन किया। अखाड़े में पहलवानों के उतरते ही दर्शकों ने तालियों और जयकारों से उनका उत्साह बढ़ाया।
परंपरा के अनुसार कृष्ण जन्माष्टमी के डोल के तीसरे दिन गांव भ्रमण के बाद जुलूस दंगल परिसर में पहुंचता है। इसके बाद अखाड़े में पहलवानों के बीच मुकाबले शुरू होते हैं। इस वर्ष भी दंगल देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण और आसपास के क्षेत्रों से लोग पहुंचे। देर तक चले मुकाबलों में पहलवानों ने एक-दूसरे को पटखनी देने के लिए पूरी ताकत झोंक दी।
प्रतियोगिता में करीब 25 जोड़ियों के पहलवानों ने अखाड़े में अपने दांव आजमाए। इनमें दो मुकाबलों में पहलवानों ने बाजी मारी, जबकि अधिकांश मुकाबले बराबरी पर छूटे। प्रमुख मुकाबलों में कृष्णा गोरखपुर और मुकेश बलिया, अमन गाजीपुर और दुर्गेश बलिया, सत्यपाल गाजीपुर और राजू गोपालगंज, सौरभ गाजीपुर और कल्लू बनारस, रंजीत बलिया और दिनेश गाजीपुर, मोहन बलिया और रिशू गाजीपुर, राहुल बलिया और ज्ञान सिंह गोरखपुर तथा विशाल गाजीपुर और अनुज गोरखपुर के बीच जोरदार मुकाबला हुआ।
अखाड़े में पहलवानों ने दांव-पेच, जोर और फुर्ती का शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों को रोमांचित किया। कई मुकाबलों में दोनों पहलवान काफी देर तक एक-दूसरे पर भारी पड़ने की कोशिश करते रहे। मुकाबला बराबरी पर छूटने के बाद दर्शकों ने दोनों पहलवानों का उत्साह बढ़ाया।
दंगल प्रतियोगिता में शेषनाथ सैनी ने निर्णायक की भूमिका निभाई और मुकाबलों को निष्पक्ष तरीके से सम्पन्न कराया।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh