Crime News / आपराधिक ख़बरे

चलती बाइक से महिला की सोने की चैन झपटकर फरार घर लौट रहे दंपति को बनाया निशाना, पीछा करने के बावजूद भाग निकले बदमाश

बरदह (आजमगढ़)। थाना बरदह क्षेत्र में बाइक सवार बदमाशों ने चलती बाइक से महिला के गले से सोने की चेन झपटकर फरार होने की वारदात को अंजाम दिया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, बेलवाना निवासी संजीव कुमार राय अपनी पत्नी कविता राय के साथ 5 अगस्त 2026 को वाराणसी से बाइक द्वारा अपने घर लौट रहे थे। आरोप है कि उसरगांवा स्थित पेट्रोल पंप से बरदह की ओर लगभग 500 मीटर पहले सफेद रंग की अपाचे बाइक पर सवार दो अज्ञात बदमाश उनकी चलती बाइक के पास पहुंचे और उनकी पत्नी के गले से सोने की चेन झपटकर फरार हो गए। पीड़ित दंपति ने बदमाशों का कुछ दूरी तक पीछा भी किया, लेकिन वे तेज रफ्तार से भाग निकले। घटना के बाद संजीव कुमार राय ने थाना बरदह में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है तथा बदमाशों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज व अन्य साक्ष्यों की मदद से जांच में जुटी है।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh