ऊर्जा मंत्री के निर्देश पर विद्युत वितरण घोसी के चारों उपखंडों में विशेष उपभोक्ता समाधान शिविर, मंगलवार को 50 शिकायतें हुईं दर्ज
घोसी।मऊ। उत्तर प्रदेश के ऊर्जा मंत्रीएके शर्मा के निर्देशन तथा पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के निर्देशानुसार विद्युत उपभोक्ताओं की समस्याओं का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मंगलवार को विद्युत वितरण मंडल घोसी के अंतर्गत घोसी, मधुबन, दोहरीघाट और अमिला उपखंड कार्यालयों में विशेष उपभोक्ता समाधान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में उपभोक्ता अपनी समस्याओं के समाधान के लिए पहुंचे और विभागीय अधिकारियों ने उनकी शिकायतें दर्ज कर नियमानुसार निस्तारण की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी। घोसी विद्युत वितरण खंड में 50शिकायतें हुई दर्ज।
शिविर में विद्युत बिल संशोधन, नया विद्युत संयोजन, भार वृद्धि, विधा परिवर्तन, खराब मीटर बदलवाने, बिल भुगतान संबंधी समस्याएं, मोबाइल नंबर एवं ई-मेल अपडेट कराने सहित विभिन्न प्रकार की शिकायतें स्वीकार की गईं। इसके अलावा उपभोक्ताओं को यूपीपीसीएल स्मार्ट ऐप डाउनलोड करने तथा उसके उपयोग की जानकारी भी दी गई, जिससे वे घर बैठे कई विद्युत सेवाओं का लाभ उठा सकें।
मंगलवार को आयोजित शिविर में कुल 50 शिकायतें दर्ज की गईं। इनमें घोसी उपखंड में 20, दोहरीघाट में 21, अमिला में 5 तथा मधुबन में 4 शिकायतें प्राप्त हुईं। सभी शिकायतों को संबंधित अधिकारियों द्वारा प्राथमिकता के आधार पर दर्ज कर उनके शीघ्र निस्तारण की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
विभाग के अनुसार यह विशेष समाधान अभियान 1 अगस्त से 31 अगस्त 2026 तक सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक संचालित किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य उपभोक्ताओं को एक ही स्थान पर विद्युत सेवाओं से संबंधित समस्याओं का त्वरित समाधान उपलब्ध कराना है जिससे उन्हें कार्यालयों के बार-बार चक्कर न लगाने पड़ें।
अधिशासी अभियंता श्रीप्रकाश ने बताया कि शासन एवं माननीय ऊर्जा मंत्री की मंशा के अनुरूप उपभोक्ताओं को बेहतर और पारदर्शी सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए विशेष उपभोक्ता समाधान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि शिविर में प्राप्त प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण विभाग की प्राथमिकता है। उन्होंने सभी विद्युत उपभोक्ताओं से अपील की कि जिनकी बिल, मीटर, नया कनेक्शन अथवा अन्य विद्युत सेवाओं से संबंधित कोई समस्या लंबित है, वे अपने निकटतम उपखंड कार्यालय में आयोजित विशेष उपभोक्ता समाधान शिविर में पहुंचकर उसका लाभ उठाएं, ताकि उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जा सके।


























































Leave a comment