Latest News / ताज़ातरीन खबरें

विवाहिता की संदिग्ध मौत, फंदे से लटका मिला शव,  मायके पक्ष ने दहेज हत्या का लगाया आरोप

आजमगढ़। जनपद के बरदह थाना क्षेत्र के सकरामऊ गांव में मंगलवार तड़के 24 वर्षीय विवाहिता वर्षा (पत्नी जयहिंद विश्वकर्मा) संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटकी मिली। सूचना मिलते ही बरदह थाना पुलिस, नायब तहसीलदार तथा क्षेत्राधिकारी लालगंज मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच-पड़ताल की। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच जारी है। जानकारी के अनुसार, मंगलवार तड़के वर्षा घर के बाहर टीन शेड में रखी चारा काटने की मशीन के एंगल से नायलॉन की रस्सी के सहारे लटकी मिली। परिजन उसे तत्काल इलाज के लिए जौनपुर लेकर रवाना हुए। रास्ते में गौरा बादशाहपुर थाना क्षेत्र के सचौरा स्थित उसके मायके पहुंचकर परिजनों को घटना की सूचना दी गई। जौनपुर के अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने वर्षा को मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि वर्षा की हत्या कर शव को फंदे से लटका दिया गया। परिजनों का आरोप है कि विवाहिता को दहेज के लिए लगातार प्रताड़ित किया जाता था और उसके शरीर पर चोट के निशान भी मौजूद थे। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh