जनता दर्शन में जिलाधिकारी ने सुनी फरियादियों की समस्याएं, त्वरित निस्तारण के दिए निर्देश
• राशन कार्ड से रोजगार तक, जनता दर्शन में फरियादियों को मिला त्वरित समाधान
देवरिया ।जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने आज जनता दर्शन में आए फरियादियों की एक-एक समस्याओं को सुना और उसके निस्तारण के लिए आवश्यक निर्देश दिए। गंभीर प्रकरणों में वर्चुअल रूप से जुड़े उप जिलाधिकारियों सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारियों को प्रकरणों का त्वरित निस्तारण किए जाने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी के समक्ष आज रामपुर खुरहुरिया ग्राम निवासी फरियादी प्रवीण कुमार सिंह राशन कार्ड न बनने की समस्या को लेकर आए। जिलाधिकारी ने उनका राशन कार्ड तत्काल बनाए जाने का निर्देश जिला पूर्ति अधिकारी को दिया, जिसके क्रम में शीघ्रता के साथ उनका राशन कार्ड बना दिया गया। जिलाधिकारी ने फरियादी से पूछा कि क्या वे कोई रोजगार करना चाहते हैं। इस पर उन्होंने सहमति जताई। जिलाधिकारी ने उन्हें मुख्यमंत्री युवा रोजगार योजना एवं पीएम सम्मान निधि योजना से जोड़ने के लिए संबंधित अधिकारियों से वार्ता की तथा उन्हें रोजगारपरक गतिविधियों से जोड़ने के लिए प्रेरित किया।
इसी प्रकार एक फरियादी कांती देवी, जो नगर निकाय लार में सफाई कर्मी हैं, वेतन न मिलने की समस्या को लेकर आईं। जिलाधिकारी ने इस संबंध में अधिशासी अधिकारी लार को आवश्यक कार्रवाई कर उनका वेतन भुगतान सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। साथ ही उन्हें नियमित रूप से अपने कार्य दायित्वों का निर्वहन करने के लिए भी प्रेरित किया।
आवेदिका के साथ उनकी पुत्री नीलम भी आई थीं। जिलाधिकारी ने उनसे पूछा कि क्या वे कोई रोजगारपरक प्रशिक्षण लेना चाहती हैं। सहमति मिलने पर उन्होंने कौशल विकास योजना के अंतर्गत कंप्यूटर प्रशिक्षण दिलाए जाने हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उनके साथ एक छोटी बच्ची भी थी, जिसे आईसीडीएस एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित योजनाओं से जोड़ने का निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिया गया।
जिलाधिकारी ने कहा कि शिकायतों एवं समस्याओं का त्वरित निस्तारण सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों की प्राथमिकता होनी चाहिए। फरियादियों की समस्याओं के समाधान के लिए सभी अधिकारी पूरे मनोयोग एवं संवेदनशीलता के साथ कार्य करें।



























































Leave a comment