Latest News / ताज़ातरीन खबरें

सुलतानपुर बना खेलों का संगम, लखनऊ जोन की अंतर-जनपदीय वॉलीबॉल व सेपक टकरा प्रतियोगिता का आगाज

•पुलिस अधीक्षक चारू निगम के नेतृत्व में पुलिस लाइन्स में तीन दिवसीय प्रतियोगिता शुरू, 9 जनपदों के 110 खिलाड़ी दिखाएंगे दमखम ।
सुलतानपुर। जनपद सुलतानपुर शुक्रवार को खेल और अनुशासन के उत्सव का साक्षी बना, जब पुलिस लाइन्स परिसर में 27वीं अंतर-जनपदीय (लखनऊ जोन) वॉलीबॉल एवं सेपक टकरा प्रतियोगिता-2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। तीन दिनों तक चलने वाली इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता की मेजबानी सुलतानपुर पुलिस कर रही है। प्रतियोगिता में लखनऊ जोन के नौ जनपदों से आए लगभग 110 खिलाड़ी अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
कार्यक्रम का उद्घाटन जिलाधिकारी इन्द्रजीत सिंह ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर एवं खेल मैदान का निरीक्षण कर किया। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल केवल जीत-हार का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, टीम भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का प्रतीक हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने का आह्वान किया।
प्रतियोगिता के सफल आयोजन में पुलिस अधीक्षक चारू निगम की भूमिका विशेष रूप से सराहनीय रही। वह इस प्रतियोगिता की सचिव भी हैं और उनके मार्गदर्शन में पूरे आयोजन की व्यवस्थाओं को उच्च स्तर पर तैयार किया गया है। खिलाड़ियों के ठहरने, भोजन, सुरक्षा एवं खेल मैदानों की व्यवस्थाओं को लेकर विशेष ध्यान दिया गया है।
उत्तर प्रदेश स्पोर्ट्स कंट्रोल बोर्ड के वार्षिक खेल कैलेंडर के अंतर्गत आयोजित इस प्रतियोगिता में महिला एवं पुरुष दोनों वर्गों की टीमें भाग ले रही हैं। पुलिस लाइन्स परिसर में वॉलीबॉल और सेपक टकरा के लिए आधुनिक मानकों के अनुरूप कोर्ट तैयार किए गए हैं, जहां आगामी रविवार तक रोमांचक मुकाबले खेले जाएंगे।
उद्घाटन समारोह में पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों, विभिन्न जनपदों से आए टीम प्रबंधकों, खिलाड़ियों, खेल प्रेमियों तथा बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की उपस्थिति रही। खिलाड़ियों के उत्साह और दर्शकों की मौजूदगी ने आयोजन को और अधिक आकर्षक बना दिया।
पुलिस अधीक्षक चारू निगम के नेतृत्व में सुलतानपुर पुलिस कानून-व्यवस्था के साथ-साथ खेल एवं सकारात्मक गतिविधियों को बढ़ावा देने में भी लगातार सक्रिय भूमिका निभा रही है। यह आयोजन पुलिस विभाग में खेल संस्कृति को सशक्त बनाने के साथ-साथ जनपद सुलतानपुर को प्रदेश स्तर पर नई पहचान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
प्रतियोगिता को लेकर खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। खेल विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह के आयोजन खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने और आपसी समन्वय बढ़ाने का बेहतर अवसर प्रदान करते हैं।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh