प्रयागराज में मेधाओं का सम्मान, कादीपुर के छात्रों ने बढ़ाया जनपद का मान
•यूपी बोर्ड 2026 में प्रदेश स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को मिला सम्मान, शिक्षा मंत्री गुलाबा देवी रहीं मुख्य अतिथि ।
कादीपुर, सुलतानपुर। विद्या भारती द्वारा प्रयागराज में आयोजित मेधावी छात्र सम्मान समारोह में यूपी बोर्ड परीक्षा 2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। समारोह में प्रदेश एवं जनपद स्तर पर स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों की प्रतिभा का अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि प्रदेश की माध्यमिक शिक्षा मंत्री गुलाबा देवी रहीं।
समारोह में विद्या भारती से संबद्ध सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज झारखंड, कादीपुर के प्रतिभाशाली छात्र आदित्य भूषण पाण्डेय को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। उन्होंने यूपी बोर्ड परीक्षा 2026 में प्रदेश स्तर पर छठा स्थान प्राप्त कर विद्यालय और जनपद का गौरव बढ़ाया। वहीं विद्यालय की मेधावी छात्रा प्रत्युष्या मिश्रा को प्रदेश में नवां स्थान प्राप्त करने पर सम्मानित किया गया।
इसके अलावा जनपद स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं शताक्षी मिश्रा, ओजस्वी यादव एवं खुशी त्रिपाठी को भी मंच पर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने विद्यार्थियों की सफलता को अनुशासन, कठिन परिश्रम एवं संस्कारयुक्त शिक्षा का परिणाम बताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
विद्यालय के प्रधानाचार्य अवधेश कुमार मिश्रा ने मुख्य अतिथि गुलाबा देवी को स्मृति चिन्ह भेंट कर उनका अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि विद्यालय सदैव विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास एवं संस्कारयुक्त शिक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने सभी सम्मानित विद्यार्थियों को विद्यालय परिवार की ओर से शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनकी उपलब्धियां अन्य छात्रों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेंगी।
समारोह में क्षेत्रीय सहसंगठन मंत्री राम मनोहर , प्रदेश निरीक्षक शेषधर द्विवेदी , राष्ट्रीय मंत्री सौरभ मालवीय सहित अनेक गणमान्य नागरिक, शिक्षाविद् एवं अभिभावक उपस्थित रहे।

























































Leave a comment