Latest News / ताज़ातरीन खबरें

‘भारत इनोवेट्स 2026’ अभियान से बच्चों को तकनीक और वैज्ञानिक सोच से जोड़ेगी योगी सरकार

लखनऊ, 20 मई 2026:Yogi Adityanath सरकार प्रदेश के परिषदीय विद्यालयों और कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों (केजीबीवी) में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को आधुनिक तकनीक, वैज्ञानिक सोच और नवाचार से जोड़ने के लिए ‘भारत इनोवेट्स 2026’ अभियान शुरू करने जा रही है। इस अभियान के माध्यम से पहली बार ग्रामीण और कस्बाई क्षेत्रों के सरकारी विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों को डीप टेक्नोलॉजी, रिसर्च और इनोवेशन जैसी आधुनिक अवधारणाओं से परिचित कराया जाएगा।

शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार के दिशा-निर्देशों के क्रम में मई 2026 के दौरान प्रदेश के सभी परिषदीय एवं केजीबीवी विद्यालयों में विभिन्न शैक्षिक और नवाचार आधारित गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इसके अंतर्गत ‘विकसित भारत के नवाचार परिदृश्य’ विषय पर संगोष्ठियां, ‘डीप टेक्नोलॉजी’ पर विशेष कक्षाएं, ‘भारत क्विज’ प्रतियोगिता तथा निबंध लेखन कार्यक्रम आयोजित होंगे। इन गतिविधियों का उद्देश्य बच्चों में जिज्ञासा, रचनात्मकता और समस्या समाधान की क्षमता को बढ़ावा देना है।

सरकार का लक्ष्य समाज के अंतिम पायदान पर खड़े बच्चों तक भी आधुनिक शिक्षा और तकनीकी नवाचार का वातावरण पहुंचाना है। इसके लिए विद्यालयों में तकनीक आधारित शिक्षण पद्धति, सहभागितापूर्ण गतिविधियां और इनोवेशन आधारित कार्यक्रमों को बढ़ावा दिया जाएगा। साथ ही स्थानीय स्वयंसेवी संस्थाओं और विशेषज्ञों के सहयोग से कार्यक्रमों को प्रभावी बनाने तथा गतिविधियों का दस्तावेजीकरण सुनिश्चित करने की भी योजना बनाई गई है।

प्रदेश के बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) Sandeep Singh ने कहा कि योगी सरकार का प्रयास है कि प्रदेश के प्रत्येक बच्चे को आधुनिक शिक्षा, तकनीक और नवाचार से जोड़कर भविष्य के लिए तैयार किया जाए। उन्होंने कहा कि ‘भारत इनोवेट्स 2026’ अभियान सरकारी स्कूलों के छात्र-छात्राओं में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, नवाचार की सोच और प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता विकसित करेगा।

उन्होंने कहा कि परिषदीय एवं केजीबीवी विद्यालयों में इस प्रकार की गतिविधियों से बच्चों को प्रारंभिक स्तर पर ही तकनीकी ज्ञान और नवाचार की समझ विकसित करने का अवसर मिलेगा, जिससे वे भविष्य की चुनौतियों का सामना बेहतर ढंग से कर सकेंगे।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh