Education world / शिक्षा जगत

सुविवि उड़ाका दल ने नंदाव कॉलेज में पकड़ी सामूहिक नकल कुलपति बोले—दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई

आजमगढ़। महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय की सम सेमेस्टर परीक्षाओं के दौरान नकल का एक बड़ा मामला सामने आया है। विश्वविद्यालय के उड़ाका दल ने औचक निरीक्षण में बाबा सहोरु दास स्मारक महाविद्यालय, नंदाव में सामूहिक नकल पकड़ी है। इस मामले में विस्तृत रिपोर्ट विश्वविद्यालय प्रशासन को सौंप दी गई है।
बताया जा रहा है कि कुलपति प्रो. संजीव कुमार के निर्देश पर गठित उड़ाका दल की टीम, जिसमें डॉ. पंकज सिंह एवं डॉ. शफीउज़्ज़मा शामिल थे, ने बुधवार को द्वितीय पाली की परीक्षा के दौरान छापा मारा। यह महाविद्यालय गांधी त्रिवेणी स्मारक, बरदह नोडल केंद्र से संबद्ध है।
निरीक्षण के दौरान टीम को न केवल सामूहिक नकल के स्पष्ट प्रमाण मिले, बल्कि विश्वविद्यालय द्वारा निर्धारित परीक्षा मानकों के उल्लंघन की भी पुष्टि हुई। इस घटना के बाद परीक्षा व्यवस्था की पारदर्शिता पर सवाल खड़े हो गए हैं।
विश्वविद्यालय के मीडिया प्रभारी डॉ. प्रवेश कुमार सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि कुलपति ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि परीक्षा की शुचिता और पवित्रता से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
कुलपति ने स्पष्ट किया कि दोषी महाविद्यालय के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उन्होंने शासन की मंशा के अनुरूप नकलविहीन परीक्षा कराने की प्रतिबद्धता दोहराई और कहा कि निष्पक्ष व पारदर्शी परीक्षा प्रणाली विश्वविद्यालय की सर्वोच्च प्राथमिकता है।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh