निजामाबाद में फास्ट फूड दुकानदार पर चाकू से हमला, आरोपी गिरफ्तार
Azamgarh के थाना निजामाबाद क्षेत्र में शराब के नशे में फास्ट फूड दुकानदार पर जानलेवा हमला करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया है। बरामदगी के बाद मामले में आर्म्स एक्ट की धाराएं भी बढ़ाई गई हैं।
पुलिस के अनुसार, 22 मई 2026 की शाम करीब 8 बजे छोटेलाल विश्वकर्मा पुत्र रामप्रसाद विश्वकर्मा निवासी ग्राम फत्तनपुर थाना निजामाबाद अपनी फास्ट फूड की दुकान पर बैठे थे। तभी गांव का ही प्रवीण कुमार पुत्र मोतीलाल शराब के नशे में वहां पहुंचा और बिना किसी बात के चाकू से हमला कर दिया।
हमले में छोटेलाल विश्वकर्मा के सिर पर गंभीर चोट आई। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर किसी तरह उन्हें बचाया। आरोप है कि आरोपी जाते समय गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गया।
पीड़ित की तहरीर पर 24 मई 2026 को थाना निजामाबाद में मु0अ0सं0 133/2026 धारा 109(1), 115(2), 352, 351(3) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक चित्रांशु मिश्रा को सौंपी गई।
25 मई 2026 को उपनिरीक्षक चित्रांशु मिश्रा की टीम ने मुखबिर की सूचना पर सहदुल्लापुर ईंट भट्ठा के पास से आरोपी प्रवीण कुमार, उम्र 32 वर्ष, को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी के दौरान आरोपी भागने का प्रयास करने लगा और अपने पास मौजूद चाकू फेंक दिया, जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया।
चाकू बरामद होने के बाद मुकदमे में धारा 4/25 आर्म्स एक्ट की बढ़ोतरी की गई। पुलिस ने आरोपी का चालान कर उसे न्यायालय भेज दिया।




















































Leave a comment