नगर पंचायत के लिपिक की सड़क हादसे में मौत, पेट्रोल पंप के पास तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आने से हुआ हादसा
आजमगढ़। जनपद के फूलपुर कोतवाली क्षेत्र में रविवार की शाम हुए दर्दनाक सड़क हादसे में फूलपुर नगर पंचायत कार्यालय में कार्यरत एक लिपिक की मौत हो गई। हादसा शाम करीब 5:30 बजे इटकोहिया पेट्रोल पंप के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुजीत कुमार यादव (42 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय श्याम प्रीत यादव, फूलपुर नगर पंचायत कार्यालय में लिपिक पद पर तैनात थे। बताया जा रहा है कि वह बाइक से सड़क पार कर अपने घर जा रहे थे, तभी तेज गति से आ रहे वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायल सुजीत यादव को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनकी हालत गंभीर देखते हुए रेफर कर दिया। इलाज के लिए ले जाते समय रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर फूलपुर कोतवाली लाई। आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार, दुर्घटना करने वाले वाहन और उसके चालक को स्थानीय लोगों ने मौके पर ही पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। मृतक अपने पीछे पत्नी, एक पुत्र और एक पुत्री छोड़ गए हैं। दोनों बच्चे इंटरमीडिएट के छात्र बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

























































Leave a comment