Latest News / ताज़ातरीन खबरें

आजमगढ़ CMO का अल्टीमेटम, एक हफ्ते में सुधार नहीं तो होगी कार्रवाई

Azamgarh में आयुष्मान आरोग्य मंदिरों की खराब प्रगति रिपोर्ट पर मुख्य चिकित्साधिकारी Dr. N. R. Verma ने सख्त रुख अपनाया है। टेली कंसल्टेशन, वेलनेस गतिविधियों और दैनिक ओपीडी रिपोर्टिंग में गंभीर कमियां मिलने के बाद सीएमओ ने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को एक सप्ताह का अल्टीमेटम दिया है।

सीएमओ डॉ. एन.आर. वर्मा ने बताया कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, उत्तर प्रदेश द्वारा वित्तीय वर्ष 2025-26 में आयुष्मान आरोग्य मंदिरों की चतुर्थ त्रैमासिक समीक्षा की गई थी। समीक्षा में जनपद की कई स्वास्थ्य इकाइयों का प्रदर्शन बेहद कमजोर पाया गया।

राज्य स्तरीय रिपोर्ट के अनुसार तरवां, पवई, हरैया, अतरौलिया, तहबरपुर, मोहम्मदपुर, मेहनगर और बिलरियागंज ब्लॉकों के कई आरोग्य मंदिरों में दैनिक ओपीडी रिपोर्टिंग, वेलनेस गतिविधियों और टेली कंसल्टेशन सेवाओं में गंभीर खामियां सामने आई हैं।

रिपोर्ट में तरवां ब्लॉक के टिकहरा और बीबीपुर, पवई ब्लॉक के मिट्ठूपुर और नरवारी, हरैया ब्लॉक के चांदपट्टी और देवरा करीयात, तहबरपुर ब्लॉक के भोर्रा मकबूलपुर, मोहम्मदपुर ब्लॉक के गम्भीरपुर और मोहम्मदपुर-नगवां तथा बिलरियागंज ब्लॉक के मोहिउद्दीनपुर आरोग्य मंदिरों का प्रदर्शन मानकों से नीचे पाया गया।

कई स्वास्थ्य इकाइयों में वेलनेस गतिविधियों का स्कोर शून्य रहा, जबकि कुछ केंद्रों पर टेली कंसल्टेशन की संख्या बेहद कम दर्ज की गई।

सीएमओ ने सभी प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे अधीनस्थ आरोग्य मंदिरों की तत्काल समीक्षा कर आवश्यक सुधार सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर अपेक्षित सुधार नहीं हुआ तो संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

इसके साथ ही खराब प्रदर्शन करने वाली स्वास्थ्य इकाइयों और जिम्मेदार कर्मियों के नाम समाचार पत्रों एवं अन्य सार्वजनिक माध्यमों से सार्वजनिक किए जाएंगे।

डॉ. वर्मा ने कहा कि आयुष्मान आरोग्य मंदिरों का उद्देश्य आमजन को गुणवत्तापूर्ण और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है, इसलिए किसी भी प्रकार की लापरवाही या कमजोर मॉनिटरिंग बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh