गंगा दशहरा व बकरीद को लेकर प्रशासन अलर्ट, एसडीएम-सीओ ने किया फ्लैग मार्च
•दोस्तपुर कस्बे में अधिकारियों ने लोगों से की सौहार्दपूर्ण माहौल में त्योहार मनाने की अपील
कादीपुर, सुलतानपुर। गंगा दशहरा एवं बकरीद पर्व को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी क्रम में दोस्तपुर कस्बे में उपजिलाधिकारी मंजुल मयंक एवं क्षेत्राधिकारी विनय गौतम ने पुलिस बल के साथ पैदल भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। अधिकारियों ने आमजन, व्यापारियों एवं धर्मगुरुओं से संवाद स्थापित करते हुए आपसी भाईचारा और सौहार्द बनाए रखने की अपील की।
फ्लैग मार्च के दौरान अधिकारी कस्बे के प्रमुख बाजारों, संवेदनशील इलाकों तथा धार्मिक स्थलों पर पहुंचे और वहां की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान दुकानदारों एवं स्थानीय लोगों को आश्वस्त किया गया कि त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रहेगी तथा किसी भी प्रकार की अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
उपजिलाधिकारी मंजुल मयंक ने कहा कि गंगा दशहरा और बकरीद दोनों पर्व सामाजिक समरसता और भाईचारे के प्रतीक हैं। सभी लोग मिलजुलकर त्योहार मनाएं तथा किसी भी भ्रामक सूचना पर ध्यान न दें। वहीं क्षेत्राधिकारी विनय गौतम ने लोगों से सोशल मीडिया पर संयम बरतने की अपील करते हुए कहा कि शांति व्यवस्था बिगाड़ने का प्रयास करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
भ्रमण के दौरान पुलिस बल लगातार मुस्तैद दिखाई दिया। अधिकारियों ने संबंधित थाना पुलिस को सतर्क रहने तथा संदिग्ध गतिविधियों पर नजर बनाए रखने के निर्देश दिए।

























































Leave a comment