Latest News / ताज़ातरीन खबरें

आवागमन शुरू होने से पहले ही 34 करोड़ के पुल में दरार, गुदारा घाट पुल निर्माण की गुणवत्ता पर उठे सवाल

 • सूरापुर-कोइरीपुर-ढकवा मार्ग को जोड़ने वाले बहुप्रतीक्षित पुल में दिखीं दरारें, क्षेत्रवासियों ने लगाया भ्रष्टाचार का आरोप; जांच और कार्रवाई की मांग तेज

कादीपुर (सुलतानपुर)। करौंदी क्षेत्र स्थित गुदारा घाट पर लगभग 34 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित किए जा रहे बहुप्रतीक्षित पुल में आवागमन शुरू होने से पहले ही दरारें पड़ने का मामला सामने आया है। पुल में आई दरारों की तस्वीरें और सूचनाएं सामने आने के बाद निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। क्षेत्रीय लोगों का आरोप है कि करोड़ों रुपये की लागत से तैयार हो रहा यह पुल भ्रष्टाचार और घटिया निर्माण सामग्री की भेंट चढ़ गया है।
गौरतलब है कि सूरापुर, कोइरीपुर, ढकवा और प्रतापगढ़ को जोड़ने वाले इस महत्वपूर्ण पुल के निर्माण के लिए क्षेत्रीय जनता ने वर्षों तक संघर्ष किया। कभी पुल निर्माण की मांग को लेकर आंदोलन हुए तो कभी भूमि अधिग्रहण और मुआवजे को लेकर ग्रामीणों ने धरना-प्रदर्शन किया। लंबे इंतजार और जनदबाव के बाद परियोजना को स्वीकृति मिली और निर्माण कार्य शुरू हुआ।
पुल निर्माण के दौरान क्षेत्रीय विधायक, जिलाधिकारी तथा लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के वरिष्ठ अधिकारियों ने कई बार स्थलीय निरीक्षण भी किया। इसके बावजूद निर्माणाधीन पुल में दरारें पड़ने से अधिकारियों की निगरानी व्यवस्था पर भी प्रश्नचिह्न लग गए हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कुछ समय पूर्व भी पुल के कुछ हिस्सों में दरारें दिखाई दी थीं। उस समय निर्माण एजेंसी और ठेकेदार ने केवल ऊपरी सतह पर मरम्मत और लेपन कर मामले को दबाने का प्रयास किया था। अब पुनः बड़ी दरारें सामने आने के बाद लोगों की चिंताएं बढ़ गई हैं।
क्षेत्रवासियों का आरोप है कि यदि पुल की स्थिति निर्माण पूर्ण होने से पहले ही ऐसी है तो भविष्य में इसके सुरक्षित संचालन को लेकर गंभीर खतरा उत्पन्न हो सकता है। लोगों ने निर्माण कार्य की उच्चस्तरीय तकनीकी जांच कराए जाने तथा दोषी अधिकारियों और ठेकेदारों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि पुल क्षेत्र की जीवनरेखा माना जा रहा था और इसके बन जाने से हजारों लोगों को आवागमन की सुविधा मिलने की उम्मीद थी। लेकिन वर्तमान स्थिति ने लोगों की उम्मीदों पर पानी फेर दिया है। अब क्षेत्रवासी पुल की गुणवत्ता की स्वतंत्र जांच कराकर वास्तविक स्थिति सार्वजनिक करने की मांग कर रहे हैं।
फिलहाल लोक निर्माण विभाग की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। हालांकि पुल में दरारों की खबर फैलने के बाद स्थानीय स्तर पर चर्चाओं का बाजार गर्म है और लोग निर्माण कार्य की पारदर्शिता पर सवाल उठा रहे हैं।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh