Latest News / ताज़ातरीन खबरें

आजमगढ़: फर्जी छात्रों के नाम पर सरकारी धन हड़पने के आरोप में दो आरोपी गिरफ्तार, मदरसा गबन मामले में पुलिस की कार्रवाई

आजमगढ़। फूलपुर थाना क्षेत्र में मदरसा आधुनिकीकरण योजना के तहत फर्जी छात्र संख्या और भवन संबंधी गलत जानकारी पोर्टल पर अपलोड कर सरकारी धन के गबन के मामले में पुलिस ने दो वांछित आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, 11 फरवरी 2025 को राज्य विशेष अपराध अनुसंधान शाखा (EOW) मुख्यालय लखनऊ के निरीक्षक कुँवर ब्रम्ह प्रकाश सिंह की तहरीर पर थाना फूलपुर में मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोप था कि मदरसा अरबिया तहतानिया भीखपुर (मदरसा आईडी-191100096) द्वारा पोर्टल पर भवन और छात्र संख्या से संबंधित भ्रामक जानकारी दर्ज कर मदरसा आधुनिकीकरण योजना के तहत प्राप्त सरकारी धन का दुरुपयोग किया गया।

जांच के दौरान मदरसा प्रबंधक रियाज अहमद पर ₹66,000 के सरकारी धन के गबन का मामला सामने आया, जिसके आधार पर थाना फूलपुर में मु0अ0सं0 69/2025 के तहत भारतीय दंड संहिता की धाराओं 409, 420, 467, 468 और 471 में मुकदमा पंजीकृत किया गया।

विवेचना के दौरान मामले में शरद यादव और धर्मेन्द्र कुमार यादव की संलिप्तता भी प्रकाश में आई। इसके बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार (IPS) के निर्देश पर चलाए जा रहे वांछित अभियुक्त गिरफ्तारी अभियान के तहत पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 11 जून 2026 को दोनों आरोपियों को अम्बारी चौराहे के पास से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। मामले की आगे की जांच जारी है।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh