ऑपरेशन वज्रपात: आजमगढ़ में '5555 गैंग' चिन्हित, इंस्टाग्राम पर दबंगई दिखाने वाले दो युवकों की काउंसलिंग
फूलपुर/आजमगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे "ऑपरेशन वज्रपात" के तहत थाना फूलपुर पुलिस ने सोशल मीडिया पर गैंग संस्कृति को बढ़ावा देने वाले "5555 गैंग" को चिन्हित किया है। इंस्टाग्राम पर दबंगई का प्रदर्शन कर वीडियो और रील पोस्ट करने वाले गैंग के लीडर समेत दो युवकों को उनके अभिभावकों के साथ थाने बुलाकर काउंसलिंग की गई।
क्षेत्राधिकारी फूलपुर किरण पाल सिंह के नेतृत्व में थाना फूलपुर पुलिस सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स की निगरानी कर रही थी। इसी दौरान जानकारी मिली कि कुछ युवक "5555 गैंग" के नाम से समूह बनाकर क्षेत्र में भ्रमण करते हुए इंस्टाग्राम पर वीडियो और रील साझा कर रहे हैं। पुलिस के अनुसार, ऐसी गतिविधियों से आमजन में भय और असुरक्षा की भावना उत्पन्न हो सकती है।
पुलिस द्वारा चिन्हित किए गए युवकों में—
- रौनक उर्फ राजा बाबू पुत्र रामधारी, निवासी मद्दूपुर, थाना फूलपुर (गैंग लीडर)
- प्रियांशु सिंह उर्फ मनन सिंह पुत्र भूपेंद्र सिंह, निवासी मद्दूपुर, थाना फूलपुर (सदस्य)
शामिल हैं।
पुलिस ने गैंग से जुड़ी इंस्टाग्राम आईडी "thakur-ji---5555" तथा "thakur-ji---5555.-up50" को भी चिन्हित किया है। दोनों युवकों को उनके अभिभावकों सहित थाना परिसर बुलाकर कानून-व्यवस्था, यातायात नियमों तथा सोशल मीडिया के दुरुपयोग से होने वाले कानूनी और सामाजिक दुष्परिणामों की जानकारी दी गई। साथ ही भविष्य में इस प्रकार की गतिविधियों से दूर रहने की सख्त चेतावनी दी गई।
थाना फूलपुर पुलिस ने अभिभावकों से अपने बच्चों की गतिविधियों पर सतर्क निगरानी रखने की अपील करते हुए उन्हें शिक्षा, खेलकूद और अन्य सकारात्मक कार्यों के लिए प्रेरित करने का आग्रह किया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, ऑपरेशन वज्रपात का उद्देश्य सोशल मीडिया के माध्यम से युवाओं में बढ़ रही गैंग संस्कृति, दबंगई के प्रदर्शन और भय का माहौल बनाने वाली प्रवृत्तियों पर प्रभावी अंकुश लगाना है। जनपद पुलिस ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी ऐसी गतिविधियों में शामिल पाए जाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।
GGS NEWS 24 | आजमगढ़


















































Leave a comment