Latest News / ताज़ातरीन खबरें

आजमगढ़: फरिहा में पोखरे में डूबने से 6 वर्षीय मासूम की मौत, खेलते समय फिसला था पैर

निजामाबाद/आजमगढ़। तहसील क्षेत्र के ग्राम सभा फरिहा के मोहल्ला सवाई में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में 6 वर्षीय मासूम की पोखरे में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

मिली जानकारी के अनुसार, मोहल्ला सवाई निवासी अशफाक अहमद का 6 वर्षीय पुत्र मोहम्मद युसुफ सुबह करीब 9 बजे घर के बाहर अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था। खेलते-खेलते वह घर के पास स्थित पोखरे के किनारे पहुंच गया, जहां अचानक उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में जा गिरा।

युसुफ को पानी में डूबता देख साथ खेल रहे बच्चों ने शोर मचाया। बच्चों की आवाज सुनकर ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे और काफी प्रयास के बाद मासूम को पोखरे से बाहर निकाला। इसके बाद परिजन उसे इलाज के लिए अस्पताल ले गए, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

बताया जाता है कि मोहम्मद युसुफ कक्षा एक का छात्र था। वह दो भाइयों और एक बहन में दूसरे नंबर पर था। उसकी असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

घटना की सूचना फैलते ही मोहल्ला सवाई और आसपास के क्षेत्र में शोक का माहौल बन गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाने उनके घर पहुंच रहे हैं। एक हंसते-खेलते मासूम की अचानक मौत ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया है।

GGS NEWS 24 | आजमगढ़


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh