आजमगढ़: प्रधान पद के दावेदार युवक की कनपटी में गोली लगने से मौत, सुसाइड की आशंका, जांच में जुटी पुलिस
सगड़ी/आजमगढ़। जीयनपुर थाना क्षेत्र के केशवपुर महमूद पट्टी गांव में मंगलवार सुबह एक युवक की गोली लगने से मौत हो गई। मृतक की पहचान नागेंद्र यादव उर्फ शिवा राजा (22 वर्ष) के रूप में हुई है। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नागेंद्र यादव उर्फ शिवा राजा पुत्र हरेंद्र यादव का शव गांव के दक्षिण दिशा स्थित नारा के पास एक बाग में मिला। युवक की कनपटी में गोली लगी थी। परिजनों का कहना है कि नागेंद्र ने स्वयं को गोली मारकर आत्महत्या कर ली।
बताया जा रहा है कि नागेंद्र यादव गांव की सामाजिक एवं राजनीतिक गतिविधियों में सक्रिय था और आगामी ग्राम प्रधान चुनाव का संभावित दावेदार माना जा रहा था। उसकी अचानक मौत से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
मृतक अपने पीछे माता सोना देवी, पिता हरेंद्र यादव, भाई प्रवीण यादव समेत भरा-पूरा परिवार छोड़ गया है। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।
सूचना पर पहुंची जीयनपुर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य एकत्र कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन मौत के वास्तविक कारणों और परिस्थितियों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा जांच के बाद ही की जाएगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच में जुटी हुई है।
घटना को लेकर गांव और आसपास के क्षेत्रों में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं, वहीं परिजन घटना से स्तब्ध हैं।
GGS NEWS 24 | आजमगढ़


















































Leave a comment