आजमगढ़ से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का बड़ा बयान: "अखिलेश की बेटी पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने वालों पर FIR कराई, अपने कार्यकर्ताओं को भी समझाएं"
आजमगढ़। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को आजमगढ़ में आयोजित जनसभा के दौरान समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव की पुत्री के खिलाफ सोशल मीडिया पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणियों की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि जैसे ही मामला उनके संज्ञान में आया, उन्होंने तत्काल पुलिस को एफआईआर दर्ज करने का निर्देश दिया। साथ ही उन्होंने अखिलेश यादव से अपने कार्यकर्ताओं और समर्थकों की भाषा पर भी नियंत्रण रखने की अपील की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि "कुछ दिन पहले मैंने देखा कि अखिलेश यादव जी की बेटी के खिलाफ सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणियां की जा रही थीं। जैसे ही यह मेरे संज्ञान में आया, मैंने तुरंत पुलिस को एफआईआर दर्ज करने का निर्देश दिया।"
उन्होंने कहा कि "बेटी, बेटी होती है। हमारी संस्कृति में पूरे गांव की बेटी सबकी बेटी और पूरे गांव की बहन सबकी बहन मानी जाती है। महिलाओं और बेटियों के सम्मान से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जा सकता।"
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में अखिलेश यादव को संबोधित करते हुए कहा कि "आप दूसरों को सलाह देते हैं, लेकिन अपने कार्यकर्ताओं और समर्थकों को भी संयमित भाषा का इस्तेमाल करने की सीख दें। बेहतर होगा कि आप उन्हें खुद समझा लें और यदि वे नहीं समझते हैं तो हमारे हवाले कर दीजिए, हम उन्हें ठीक से समझा देंगे।"
योगी आदित्यनाथ ने यह भी कहा कि सार्वजनिक जीवन में किसी भी महिला, बुजुर्ग, दिवंगत व्यक्ति या वरिष्ठ नेता के खिलाफ अमर्यादित भाषा का प्रयोग नहीं होना चाहिए और सभी को अपने शब्दों की मर्यादा का ध्यान रखना चाहिए।
यह बयान ऐसे समय आया है जब सोशल मीडिया पर अखिलेश यादव की बेटी के खिलाफ कथित आपत्तिजनक टिप्पणियों को लेकर शिकायतें दर्ज कराई गईं और पुलिस ने विभिन्न स्थानों पर कानूनी कार्रवाई शुरू की है।



















































Leave a comment