सेवा, संस्कार, सुशासन एवं सम्मान’ अभियान के तहत आयोजित हुआ कल्याणकारी शिविर
देवरिया।जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी के निर्देशानुसार कल्याण सेक्टर (जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण, जिला समाज कल्याण, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण, जिला अल्पसंख्यक कल्याण एवं जिला प्रोबेशन विभाग) जनपद देवरिया द्वारा संयुक्त रूप से जनपद की समस्त तहसीलों में "सेवा, संस्कार, सुशासन एवं सम्मान" की मूल भावना के साथ कल्याणकारी शिविर के माध्यम से विभागों द्वारा संचालित कल्याणकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार एवं चयनित लाभार्थियों को स्वीकृति प्रमाण पत्र जनप्रतिनिधियों के माध्यम से वितरित कराए जाने हेतु विभिन्न तिथियों में तहसील परिसर में शिविर आयोजित किए जाने के निर्देश दिए गए हैं।
उक्त के क्रम में रुद्रपुर तहसील सभागार, देवरिया में शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें विधायक रुद्रपुर जय प्रकाश निषाद, मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित हुए एवं उषा पासवान, ब्लॉक प्रमुख रुद्रपुर विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।
विधायक रुद्रपुर का उपजिलाधिकारी रुद्रपुर एवं उषा पासवान, ब्लॉक प्रमुख रुद्रपुर का प्रियंका चौधरी, जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी, देवरिया द्वारा पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।
तदोपरांत निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग, देवरिया द्वारा विधायक के माध्यम से उपस्थित 19 दिव्यांग लाभार्थियों को लेप्रोसी किट, कान की मशीन, छड़ी एवं प्रमाण पत्र वितरित किए गए। इसी क्रम में जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग द्वारा संचालित शादी अनुदान योजना के लाभार्थियों एवं छात्रवृत्ति योजना के छात्र-छात्राओं को 19 प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।
जिला समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित वृद्धावस्था पेंशन योजना के अंतर्गत 12 पेंशन लाभार्थियों एवं 6 छात्र-छात्राओं को विधायक द्वारा प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। वहीं अल्पसंख्यक कल्याण विभाग द्वारा छात्रवृत्ति योजना के अंतर्गत अल्पसंख्यक समुदाय के 6 छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति प्रमाण पत्र वितरित किए गए।
साथ ही अविवादित वरासत के 135, अंश निर्धारण के 2575 प्रकरणों का निस्तारण किया गया। दैवीय आपदा राहत योजना के अंतर्गत तीन लाभार्थियों को 4-4 लाख रुपये की सहायता राशि तथा मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना बीमा योजना के अंतर्गत दो लाभार्थियों को 5-5 लाख रुपये के चेक विधायक द्वारा वितरित किए गए।
विधायक रुद्रपुर ने प्रमाण पत्र एवं सहायता राशि वितरण के पश्चात राज्य सरकार द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि सरकार गरीब, पिछड़े, मजलूम एवं बेसहारा व्यक्तियों के साथ पूरी प्रतिबद्धता के साथ खड़ी है। उन्होंने विभिन्न सरकारी योजनाओं से पात्र व्यक्तियों को लाभान्वित कराने हेतु अपने स्तर पर किए जा रहे प्रयासों की भी जानकारी दी।
उन्होंने उपस्थित समस्त कल्याण सेक्टर के अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अपेक्षा की कि सरकार द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी गांव-गांव एवं घर-घर तक पहुंचाई जाए, ताकि कोई भी पात्र एवं जरूरतमंद व्यक्ति योजनाओं के लाभ से वंचित न रह जाए।
कार्यक्रम के अंत में प्रियंका चौधरी, जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी द्वारा मुख्य अतिथि विधायक रुद्रपुर का पुनः अभिनंदन करते हुए उपस्थित समस्त अधिकारियों, कर्मचारियों एवं लाभार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया तथा शिविर का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ किया गया।


























































Leave a comment