Latest News / ताज़ातरीन खबरें

अगेहता में शराब की दुकान खुलने के विरोध में महिलाओं ने लगाया जाम, पुलिस के समझाने पर खुला रास्ता

लालगंज, आजमगढ़। विकास खंड लालगंज की ग्राम पंचायत अगेहता में शराब की दुकान खुलने के विरोध में बुधवार को ग्रामीण महिलाओं का आक्रोश फूट पड़ा। बड़ी संख्या में महिलाएं सड़क पर उतर आईं और गांव के मुख्य मार्ग पर जाम लगाकर शराब की दुकान हटाने की मांग करने लगीं। जाम के कारण कुछ समय के लिए आवागमन प्रभावित हो गया और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
सूचना मिलते ही देवगांव कोतवाली प्रभारी विमल प्रकाश राय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने महिलाओं और ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें शांत कराया तथा काफी समझाने-बुझाने के बाद जाम समाप्त कराया। कोतवाल ने प्रदर्शन कर रही महिलाओं से अपनी आपत्ति लिखित रूप से उपजिलाधिकारी को देने की सलाह दी, ताकि नियमानुसार मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
प्रदर्शन में शामिल महिलाओं का कहना था कि हाल ही में गांव के बीच शराब का ठेका खोला गया है, जिससे सामाजिक वातावरण पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा और भविष्य में विवाद तथा अन्य समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं। इसी कारण ग्रामीण महिलाओं ने एकजुट होकर विरोध प्रदर्शन किया।
पुलिस और प्रशासन के आश्वासन के बाद महिलाओं ने जाम समाप्त कर दिया, लेकिन साथ ही चेतावनी भी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे आगे भी आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगी। फिलहाल पुलिस की मौजूदगी में गांव की स्थिति सामान्य बनी हुई है।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh