आजमगढ़: जिलाधिकारी के निर्देश पर अमोड़ा टोल नाके का अवैध बैरियर हटाया गया, क्षेत्रवासियों ने जताई खुशी
आजमगढ़। मोहम्मदपुर-फरिहा मार्ग स्थित अमोड़ा टोल नाके पर लगाए गए कथित अवैध बैरियर को जिला प्रशासन ने हटवा दिया है। यह कार्रवाई क्षेत्रीय लोगों की शिकायतों और कैबिनेट मंत्री दारा सिंह चौहान के हस्तक्षेप के बाद जिलाधिकारी द्वारा मामले का संज्ञान लेने पर की गई।
स्थानीय नागरिकों के अनुसार, लंबे समय से लगे इस बैरियर के कारण किसानों, व्यापारियों, स्कूली वाहनों, एम्बुलेंस और मालवाहक वाहनों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। इस संबंध में कई बार जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों से शिकायतें भी की गई थीं, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया था।
बताया गया कि आजमगढ़ दौरे के दौरान क्षेत्रवासियों ने कैबिनेट मंत्री दारा सिंह चौहान को इस समस्या से अवगत कराया। इसके बाद मंत्री ने जिलाधिकारी, मंडलायुक्त तथा अन्य संबंधित अधिकारियों से वार्ता कर मामले के समाधान की मांग की। मामले का संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी ने आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए, जिसके बाद प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंचकर बैरियर को हटवा दिया।
बैरियर हटने के बाद क्षेत्र में आवागमन सुचारु हो गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अब स्कूली बसों, एम्बुलेंस, किसानों और अन्य वाहनों को बिना किसी बाधा के आवाजाही की सुविधा मिलेगी। क्षेत्रवासियों ने इस कार्रवाई पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कैबिनेट मंत्री दारा सिंह चौहान और जिला प्रशासन का आभार जताया तथा इसे लंबे समय से चली आ रही समस्या का समाधान बताया।

























































Leave a comment