अतरौलिया पुलिस ने एक्सप्रेसवे लूटकांड का किया खुलासा, दूसरा आरोपी गिरफ्तार, लूटा गया मोबाइल बरामद
अतरौलिया, आजमगढ़। पूर्वांचल गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे की सर्विस लेन पर हुई लूट की घटना का अतरौलिया पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए मामले के दूसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने अभियुक्त के कब्जे से लूटा गया ओप्पो मोबाइल फोन बरामद किया है, जबकि तीसरे आरोपी की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार 15 जून 2026 को भंजय सिंह निवासी गढ़ा फत्तेपुर, थाना बसखारी जनपद अंबेडकरनगर ने तहरीर देकर बताया कि 18 मई की रात करीब नौ बजे वह पूर्वांचल गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे की सर्विस लेन से पदुमपुर की ओर जा रहे थे। रिठिया गांव के सामने बाइक सवार तीन बदमाशों ने उनकी अपाचे मोटरसाइकिल रोककर बाइक और मोबाइल फोन लूट लिया। तहरीर के आधार पर थाना अतरौलिया में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान 17 जून को पुलिस मुठभेड़ में मुख्य आरोपी रवि मिश्रा पुत्र अनिल मिश्रा निवासी केदरुपुर, थाना राजेसुल्तानपुर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से लूटी गई अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की गई थी। पूछताछ में उसने अपने साथी विशाल पाठक और सर्वेश यादव के साथ मिलकर घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार की थी।
इसी क्रम में 17 और 18 जून की मध्य रात्रि करीब 11:30 बजे उपनिरीक्षक मनीष विश्वकर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने नन्दना अंडरपास के पास से वांछित अभियुक्त विशाल पाठक पुत्र रामनिवास पाठक (25 वर्ष), निवासी कदेरुपुर, थाना राजेसुल्तानपुर को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में विशाल पाठक ने भी अपने साथियों के साथ 18 मई को रिठिया गांव के पास लूट की वारदात में शामिल होने की बात स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने लूटा गया ओप्पो मोबाइल फोन बरामद कर लिया।
पुलिस ने बताया कि मामले में फरार तीसरे आरोपी सर्वेश यादव की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

























































Leave a comment