पवई पुलिस ने 12 घंटे में किया चोरी का खुलासा, दो बाल अपचारी पकड़े, सिलेंडर-बैटरी समेत नकदी बरामद
पवई, आजमगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराध विरोधी अभियान के तहत थाना पवई पुलिस ने चोरी की एक घटना का महज 12 घंटे के भीतर सफल खुलासा करते हुए दो बाल अपचारियों को पुलिस अभिरक्षा में लिया है। उनकी निशानदेही पर चोरी गया सामान और नकदी भी बरामद कर ली गई।
पुलिस के अनुसार 17 जून 2026 को ग्राम जल्दीपुर निवासी रामआसरे चौरसिया ने थाना पवई में तहरीर देकर बताया कि 14 जून की रात करीब दो बजे उनके जीजा के घर का ताला तोड़कर अज्ञात चोर नकदी, घरेलू बर्तन, गैस सिलेंडर, बैटरी, पानी की मोटर, गेहूं और चावल सहित अन्य सामान चोरी कर ले गए। तहरीर के आधार पर थाना पवई में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान 18 जून 2026 को उपनिरीक्षक संतोष कुमार यादव एवं उपनिरीक्षक विशाल चक्रवर्ती ने पुलिस टीम के साथ मुखबिर की सूचना पर बस्तीचक गुलरा मोड़ के पास कार्रवाई करते हुए दो बाल अपचारियों को सुबह करीब 3:40 बजे पुलिस अभिरक्षा में ले लिया।
पूछताछ और उनकी निशानदेही पर पुलिस ने एक इंडेन गैस सिलेंडर, एक्साइड कंपनी की एक बैटरी, 11 किलोग्राम गेहूं, 15 किलोग्राम चावल, लगभग 500 ग्राम कॉपर तार तथा 2,800 रुपये नकद बरामद किए। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में संबंधित धारा की बढ़ोतरी भी की गई।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक संतोष कुमार यादव, उपनिरीक्षक विशाल चक्रवर्ती, कांस्टेबल विकास यादव, आरक्षी चालक संदीप प्रजापति तथा कांस्टेबल अनुराग यादव शामिल रहे। पुलिस ने बताया कि प्रभावी सुरागरसी, पतारसी और मुखबिर की सूचना के आधार पर चोरी की घटना का शीघ्र अनावरण संभव हो सका।

























































Leave a comment