देवरिया को ₹456 करोड़ से अधिक की विकास परियोजनाओं की सौगात, मुख्यमंत्री ने किया लोकार्पण एवं शिलान्यास
देवरिया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को बरांव में आयोजित भव्य कार्यक्रम में जनपद देवरिया के बरहज और रुद्रपुर विधानसभा क्षेत्रों के लिए ₹456.38 करोड़ लागत की 106 विकास परियोजनाओं का बटन दबाकर लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें 25 परियोजनाओं का लोकार्पण (₹64.94 करोड़) तथा 81 परियोजनाओं का शिलान्यास (₹391.44 करोड़) शामिल है।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि देवरिया महर्षि देवराहा बाबा और बाबा राघवदास की पावन तपोभूमि है। प्रदेश सरकार विरासत और विकास के समन्वय के साथ जनपद को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि अब उत्तर प्रदेश में सड़क, पुल और कनेक्टिविटी का व्यापक जाल बिछाया जा रहा है, जिससे विकास गांव-गांव तक पहुंच रहा है।
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि सोनूघाट से बरहज तक फोरलेन सड़क का निर्माण कराया जाएगा, जिसकी ₹172 करोड़ की परियोजना का भी शिलान्यास किया गया। साथ ही बरहज को सड़क मार्ग के साथ जलमार्ग से जोड़ने की भी योजना है, जिससे स्थानीय व्यापार को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंच मिलेगी।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार जीरो टॉलरेंस नीति पर कार्य कर रही है और कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। युवाओं को रोजगार, किसानों को आधुनिक कृषि सुविधाएं, गरीबों को आवास, आयुष्मान कार्ड, बिजली, पानी तथा अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराया जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न योजनाओं के 10 लाभार्थियों को राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड, वरासत प्रमाण-पत्र, मुख्यमंत्री युवा रोजगार योजना, पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना और फार्मर रजिस्ट्री सहित विभिन्न योजनाओं के स्वीकृति पत्र भी वितरित किए।
इस अवसर पर केंद्रीय ग्राम्य विकास राज्यमंत्री एवं सांसद कमलेश पासवान, कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह, राज्य मंत्री विजय लक्ष्मी गौतम, सांसद शशांक मणि त्रिपाठी, विधायकगण, जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी, पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और आमजन उपस्थित रहे।
GGS NEWS 24


























































Leave a comment