आंधी-पानी से अस्त-व्यस्त हुआ जनजीवन, पेड़ गिरने से सड़कें जाम, विद्युत पोल व तार टूटने से 24 घण्टे गुल रही बिजली
देवरिया। लगातार हो रही बारिश के साथ तेज हवा ने नगर और ग्रामीण क्षेत्र की रफ्तार थाम दी। जगह-जगह पेड़ उखड़कर सड़कों पर गिरने और विद्युत पोल व तार क्षतिग्रस्त होने से आवागमन के साथ बिजली आपूर्ति भी प्रभावित रही। कई मार्गों पर जलभराव होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
साहोपार टोला वार्ड नंबर 4 चौराहे के मुख्य मार्ग पर भोर में तेज हवा के चलते एक विशाल पेड़ उखड़कर सड़क के बीचोंबीच गिर गया। इससे मार्ग पर करीब आठ घंटे तक आवागमन बाधित रहा। नगरवासियों और वन विभाग के कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर पेड़ हटाने का कार्य शुरू किया, जिसके बाद आवागमन बहाल हो सका।
इसी तरह भटनी-भरथुआ मार्ग स्थित रेलवे अंडरपास में पूरी तरह पानी भर जाने से राहगीरों को आवागमन में परेशानी हुई। भटनी-भींगरी बाईपास मार्ग पर जे.डी. पब्लिक स्कूल के समीप मुख्य सड़क पर पेड़ गिरने से भी आवागमन प्रभावित रहा। लगातार बारिश के कारण पशुओं के लिए भी मुश्किलें बढ़ गईं।
आंधी-पानी के कारण कई स्थानों पर विद्युत तार टूटने से करीब 24 घंटे से बिजली आपूर्ति प्रभावित रही। बिजली विभाग के कर्मचारी जगह-जगह टूटे तारों और क्षतिग्रस्त विद्युत पोल को दुरुस्त करने में जुटे रहे, ताकि प्रभावित क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बहाल की जा सके।
रिमझिम वर्षा के कारण क्षेत्र के तीन रेलवे अण्डरपास में पानी भर जाने के कारण भरथुआ-भटनी सडक मार्ग भटनी -रजवल खुशुबू सडक मार्ग एवं भटनी -पीवकोल सडक मार्ग के बने अण्डरपास में पानी भर गया है ।जिससे पैदल बाईक या अन्य वाहनो से यात्रा करने वाले लोगो को काफी परेशानियों का सामना करना पड रहा है ।ग्राम साहोपार के हरिजन बस्ती के पास भटनी वाईपास रेलवे लाईन पर बने अण्डरपास पर रेल पम्पिंग सेट से पानी निकलवाने का कार्य सायंकाल से करा रही है ।लेकिन अन्य अण्डरपास से पानी निकलवाने की सूचना प्राप्त नही है ।
भटनी -रजवल सडक मार्ग पर गिरे पेड के हट जाने के बाद इस सडक मार्ग पर आवागमन प्रारम्भ हो गया है ।



























































Leave a comment