नीमा टीम बी ने जीता मैच :आजमगढ़
सुखदेव पहलवान स्पोर्ट्स स्टेडियम में नेशनल इंटीग्रेटेड मेडिकल एसोसिएशन (नीमा) आज़मगढ़ द्वारा आयोजित क्रिकेट मैच प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि मंडलायुक्त आज़मगढ़ विजय विश्वास पंत ने फीता काटकर किया। तत्पश्चात सभी खिलाड़ियों से विस्तृत परिचय प्राप्त किया। इससे पहले नीमा परिवार द्वारा मुख्य अतिथि महोदय का जोरदार स्वागत किया गया। नीमा अध्यक्ष डॉ. डी.डी. सिंह और डॉ. अनुप्रिया गुप्ता ने मुख्य अतिथि को बुके देकर स्वागत किया, उसके बाद पूर्व अध्यक्ष डॉ. वी.एस. सिंह, सचिव डॉ. अबु शहमा खान, खेल सचिव डॉ. संतोष कुमार सिंह, डॉ. वी.के. सिंह, डॉ. मो. ताहिर, डॉ. अजय सिंह, तथा वेदांता इंटरनेशनल स्कूल के प्रबंधक शिव गोविंद सिंह ने मुख्य अतिथि का माल्यार्पण करके स्वागत किया।
अपने संबोधन में मुख्य अतिथि मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत ने कहा कि खेल से शारीरिक और मानसिक दोनों विकास एक साथ होता है। खेल हमारे शरीर को ऊर्जा से भर देते हैं, जिसके फलस्वरूप हम दिन भर तरोताजा बने रहते हैं। सभी चिकित्सकों का आवाहन करते हुए उन्होंने कहा कि आप सभी को रोज कम से कम एक घंटा अपने शरीर को स्वस्थ रखने के लिए देना चाहिए, उसके लिए आप कोई खेल खेल सकते हैं, व्यायाम कर सकते हैं, योग, प्राणायाम कर सकते हैं। इससे आप लंबे समय तक फिट बने रह सकते हैं। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को अच्छे खेल की शुभकामना दी।
मैच से पहले मंडलायुक्त द्वारा दोनों कप्तान के बीच टॉस किया गया, जिसे नीमा टीम ए के कप्तान डॉ. संतोष कुमार सिंह ने जीता और पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए नीमा टीम ए ने नौ विकेट खोकर 81 रन बनाए, जिसे नीमा टीम बी ने दो विकेट खोकर आसानी से हासिल कर लिया।
दूसरे मैच में नीमा टीम ए ने टॉस जीतकर पहले क्षेत्ररक्षण का फैसला लिया। नीमा टीम बी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 10 ओवर में दो विकेट खोकर 171 रन बनाए। इसके जवाब में नीमा टीम ए निर्धारित 10 ओवर में 102 रन ही बना सकी, जिससे 69 रन से मैच नीमा टीम बी ने जीत लिया। दोनों मैच नीमा टीम बी द्वारा जीत लेने के कारण नीमा टीम बी को विजेता घोषित किया गया और नीमा टीम ए को उप विजेता घोषित किया गया। विजेता ट्रॉफी नीमा टीम बी के कप्तान डॉ. आर.पी. सिंह को दिया गया। नीमा टीम ए के कप्तान डॉ. संतोष कुमार सिंह को उप विजेता ट्रॉफी से ही संतोष करना पड़ा। मैन ऑफ द सीरीज का पुरस्कार डॉ. शाहनवाज आज़मी को दिया गया। सभी खिलाड़ियों को मेडल देकर सम्मानित किया गया। मैच अंपायर लोगों को भी मेडल देकर सम्मानित किया गया। कमेंटेटर शाकिब नोमानी को भी मेडल देकर सम्मानित किया गया। मैच स्कोरर डॉ. अबुल बशर, डॉ. मनीष राय और डॉ. रहे। अंपायर की भूमिका में डॉ. राज कुमार शर्मा, डॉ. अनिल कुमार सिंह, डॉ. सुजय विश्वास और डॉ. दानिश रहे। पूरे मैच के दौरान कमेंटेटर की भूमिका शाकिब नोमानी ने बड़े ही बेहतरीन तरीके से शायराना अंदाज के साथ निभाई।
कार्यक्रम के अंत में नीमा अध्यक्ष डॉ. डी.डी. सिंह ने जिले भर से आए हुए नीमा चिकित्सकों का आभार व्यक्त किया। सभी खिलाड़ियों के खेल भावना की तारीफ करते हुए कहा कि जल्द ही अयोध्या में नीमा आज़मगढ़ की टीम का मुकाबला नीमा झांसी की टीम से खेला जाएगा। कार्यक्रम में आए हुए सभी मीडिया कर्मियों का आभार व्यक्त करते हुए ऐसे ही साथ सहयोग की कामना किया। अंत में सभी खिलाड़ियों में लंच बॉक्स का वितरण किया गया साथ ही ओआरएस पैक और फल वितरण किया गया।




























































Leave a comment