देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज में प्रसव के दौरान जच्चा-बच्चा की मौत, लापरवाही का आरोप
परिजनों ने किया हंगामा, अधिकारियों ने जांच का दिया आश्वासन
देवरिया ।महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज में शनिवार देर रात प्रसव के दौरान महिला और उसके नवजात बच्चे की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने चिकित्सकों पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। अधिकारियों ने मामले की जांच कराने का आश्वासन देकर परिजनों को शांत कराया।
सदर कोतवाली क्षेत्र के मलाकौली निवासी राहुल गुप्ता की पत्नी गुड़िया गुप्ता (22) गर्भवती थीं। परिजनों के मुताबिक, प्रसव पीड़ा होने पर उन्हें कई बार मेडिकल कॉलेज लाया गया, लेकिन हर बार वापस भेज दिया जाता था। शनिवार को हालत बिगड़ने पर उन्हें भर्ती कराया गया।
परिजनों का आरोप है कि देर रात करीब एक बजे नवजात की मौत हो गई, जबकि गुड़िया की हालत भी गंभीर हो गई। उन्हें गोरखपुर रेफर करने की बात कही गई थी। परिजन उन्हें निजी अस्पताल ले जाने की तैयारी कर रहे थे, तभी एंबुलेंस चालक ने महिला की मौत होने की बात कहकर ले जाने से मना कर दिया।
इसके बाद आक्रोशित परिजनों ने मेडिकल कॉलेज में हंगामा शुरू कर दिया। सूचना पर पहुंचे अधिकारियों ने मामले की जांच कराने का आश्वासन दिया। घटना को लेकर परिजनों में आक्रोश रहा।


























































Leave a comment