Politics News / राजनीतिक समाचार

2027 में अपना दल के सभी प्रत्याशियों को जिताकर ,एनडीए की हैट्रिक लगानी है : अनुप्रिया पटेल

घोसी।अमिला। अपना दल (एस) की एक विशाल जनसभा घोसी क्षेत्र के गोंफा स्थित प्राथमिक विद्यालय के पास सम्पन्न हुई। जिसमें अपना दल की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने भीड़ से गदगद होकर प्रति आभार जताते हुए कहा कि यहां की जनता ने पार्टी और उसके संस्थापक डॉ. सोनेलाल पटेल को हमेशा अपार स्नेह दिया है। उन्होंने कहा कि मऊ की धरती ने डॉ. सोनेलाल पटेल को सिक्कों से तौलकर अपना सम्मान और स्नेह प्रकट किया था, जिसे पार्टी कभी नहीं भूल सकती। कहा कि प्रदेश में अपना दल के प्रत्याशियों के साथ एनडीए के प्रत्याशियों को बहुमत से विजय दिलाते हुए तीसरी बार प्रदेश में एनडीए की पूर्ण बहुमत की सरकार बनानी है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि जब डॉ. सोनेलाल पटेल की तबीयत खराब थी, तब विपक्षी दलों ने मान लिया था कि अपना दल समाप्त हो जाएगा। लेकिन जनता के अपार स्नेह और सहयोग ने पार्टी को नई ताकत दी। पहली बार चुनाव में जनता ने भरपूर समर्थन देकर उन्हें बंपर मतों से विजयी बनाया। कहा कि जब विपक्ष चुनाव जीतता है तो ईवीएम, चुनाव आयोग को दोष नहीं देते लेकिन हार जाने पर ईवीएम, चुनाव आयोग को दोष देकर अपनी नाकामियों से मुंहमोड़ लेता है।
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि जिलाध्यक्ष सुजीत पटेल के नेतृत्व में गांव-गांव और घर-घर झंडा अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं और जनता से अभियान में बढ़-चढ़कर सहयोग करने की अपील की।
   उन्होंने पार्टी के राजनीतिक सफर का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्ष 1995 में पहली बार अपना दल ने चुनाव लड़ा था। वर्ष 2012 में पार्टी का एक विधायक विधानसभा पहुंचा, जबकि 2024 में दो सांसदों के साथ पार्टी आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि अब वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव का लक्ष्य तय कर लिया गया है। पार्टी जिन सीटों पर चुनाव लड़ेगी, वहां जीत के लिए पूरी ताकत से प्रयास किया जाएगा।
केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने कहा कि पार्टी का उद्देश्य वंचितों, दलितों और पिछड़े वर्गों को सम्मान और अधिकार दिलाना है। उन्होंने देश में जातिगत जनगणना की आवश्यकता पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि पार्टी ने मेडिकल प्रवेश परीक्षा में आरक्षण की मांग उठाई थी, जिसे केंद्र सरकार ने लागू किया।
   कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि सामाजिक न्याय और अधिकारों की लड़ाई को मजबूत करने के लिए पार्टी की संख्या बढ़ाना जरूरी है। सांसदों और विधायकों की संख्या बढ़ेगी तभी पार्टी अपनी आवाज को और मजबूती से संसद और विधानसभा में उठा सकेगी।
   ईवीएम को लेकर उन्होंने कहा कि इसे मतपत्रों की चोरी और चुनाव में होने वाली अनियमितताओं को रोकने के उद्देश्य से लाया गया था। उन्होंने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि चुनाव हारने के बाद मंथन करने के बजाय दिल्ली की सड़कों पर जाकर उत्पात मचाने की राजनीति उचित नहीं है। ऐसे लोगों से सावधान रहने की जरूरत है, जो अपनी हार से सबक नहीं लेते।
   कहा कि वर्ष 2027 का विधानसभा चुनाव बेहद महत्वपूर्ण है। यह कार्यकर्ताओं और जनता के लिए एक अवसर है, जिसे उपलब्धियों में बदलना होगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि उत्तर प्रदेश में अपना दल की जीत का डंका बजाने और एनडीए की हैट्रिक लगाने के लिए पूरी ताकत से जुट जाएं।
कई लोगों ने थामा अपना दल का दामन:
   कार्यक्रम के दौरान कई लोगों ने अपना दल (एस) की सदस्यता ग्रहण की। इस मौके पर  मोतीलाल राजभर, रमेश पटेल,हरेंद्र विश्वकर्मा, पंकज पटेल, अखंड प्रताप सिंह, अनिल सिंह, रोहित सिंह, उदय प्रताप सिंह, रामप्यारे सोनकर, अरविंद सिंह, अरशद अंसारी, शिवम राय और रामदरस सहित अन्य लोग मौजूद रहे। पार्टी पदाधिकारियों ने नवागत सदस्यों का स्वागत करते हुए संगठन को मजबूत बनाने में जुटने का आह्वान किया।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh