Latest News / ताज़ातरीन खबरें

सीडीओ ने उद्योग बंधु की बैठक में उद्यमियों की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के दिए निर्देश


सीडीओ ने एक सप्ताह में विद्युत सब-स्टेशन का स्टीमेट उपलब्ध कराने के दिए निर्देश

औद्योगिक क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं के विकास पर जोर 

मऊ। घोसी।सीडीओ विवेक कुमार श्रीवास्तव की अध्यक्षता में बुधवार को विकास भवन सभागार में जिला स्तरीय उद्योग बंधु की बैठक आयोजित हुई। बैठक में जनपद के औद्योगिक क्षेत्रों से संबंधित समस्याओं, निवेश प्रस्तावों तथा विभिन्न स्वरोजगार एवं उद्यमिता योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में औद्योगिक क्षेत्र ताजोपुर में विद्युत सब-स्टेशन की स्थापना, औद्योगिक आस्थान सहादतपुरा परिसर की मुख्य सड़क के दोनों ओर इंटरलॉकिंग ब्रिक्स लगाए जाने, एनएच-29 पर बढ़ुआ गोदाम औद्योगिक क्षेत्र के दक्षिण-पश्चिम दिशा में साइफन निर्माण से उत्पन्न समस्या तथा कारखाना अधिनियम-1948 के अंतर्गत औद्योगिक प्रतिष्ठानों के पंजीकरण की समीक्षा की गई।
मुख्य विकास अधिकारी ने सहादतपुरा में विद्युत सब-स्टेशन निर्माण के संबंध में अधिशासी अभियंता विद्युत को एक सप्ताह के भीतर स्टीमेट तैयार कर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने औद्योगिक क्षेत्रों से संबंधित लंबित समस्याओं का संबंधित विभागों द्वारा प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में निवेश मित्र पोर्टल पर विभिन्न विभागों से प्राप्त आवेदन पत्रों एवं उनके निस्तारण की स्थिति तथा जनपद में प्राप्त निवेश प्रस्तावों (इंटेंट) को धरातल पर उतारने की प्रगति की भी समीक्षा की गई। सीडीओ ने संबंधित अधिकारियों को निवेशकों को आवश्यक सहयोग प्रदान करते हुए प्रस्तावों के क्रियान्वयन में तेजी लाने के निर्देश दिए।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, एक जनपद एक उत्पाद (ओडीओपी), मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान, एक जिला एक व्यंजन, विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना एवं ओडीओपी प्रशिक्षण की प्रगति पर विस्तृत चर्चा की गई। उन्होंने पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का अधिकतम लाभ दिलाने तथा लंबित प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में जिला उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष उमाशंकर ओमर ने पूर्वी रेलवे फाटक, मुहम्मदाबाद गोहना के दोनों ओर सड़क पर बने बड़े-बड़े गड्ढों की समस्या से अवगत कराते हुए आगामी दशहरा एवं दीपावली के दौरान मूर्ति विसर्जन को देखते हुए सड़क की मरम्मत कराने की मांग की साथ ही मुहम्मदाबाद गोहना, चिरैयाकोट एवं रतनपुरा में परिवहन विभाग द्वारा बस स्टेशन की व्यवस्था तथा नगर पंचायत वलीदपुर में चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की मांग भी रखी गई। मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को जनहित से जुड़ी इन मांगों पर आवश्यक कार्रवाई एवं नियमानुसार प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए।
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि औद्योगिक विकास के लिए बेहतर आधारभूत सुविधाएं, निवेशकों की समस्याओं का त्वरित समाधान और शासन की उद्यमिता योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को उद्यमियों के साथ समन्वय स्थापित कर समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में उपायुक्त उद्योग हरेन्द्र प्रताप सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं उद्यमी उपस्थित रहे।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh