घोसी ब्लॉक में सेवा संकल्पअभियान के तहत लगा बहुउद्देशीय लाभार्थी शिविर
एक ही परिसर में मिलीं कई विभागों की सेवाएं, योजनाओं की जानकारी लेने उमड़े लोग
संवाददाता
घोसी।मऊ। शासन के निर्देश पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत शनिवार को विकास खंड घोसी परिसर में ‘सेवा सेतु अभियान—सरकार आपके द्वार’ बहुउद्देशीय लाभार्थी शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों की ओर से स्टॉल लगाकर लोगों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र लाभार्थियों को सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराया गया।
शिविर का उद्देश्य नागरिकों को लाभार्थी तक पहुंचाने और विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने का रहा। स्वास्थ्य, कृषि, पशुपालन, बाल विकास सहित विभिन्न विभागों ने अपने-अपने स्टॉल लगाए। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घोसी, राजकीय पशु चिकित्सालय, जिला स्वास्थ्य समिति, राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय, होम्योपैथिक निःशुल्क चिकित्सा शिविर, बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग तथा कृषि विभाग की ओर से लोगों को सेवाएं और योजनाओं से संबंधित जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा के पूर्व क्षेत्रीय महामंत्री सुनील गुप्ता ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के लिए इस तरह के शिविर महत्वपूर्ण हैं। एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएं उपलब्ध होने से ग्रामीणों को अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिलती है।
बीडीओ कृष्ण मुरारी श्रीवास्तव ने सभी आगंतुकों का स्वागत करते हुए कहा कि आप सभी लोग सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करते हुए दूसरे पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में सहयोग करें। सभी कर्मचारी अपने क्षेत्र में पात्रों को चिह्नित कर उनको योजनाओं को लाभ प्रदान करने में मदद करें।
इस दौरान बीडीओ कृष्ण मुरारी लाल श्रीवास्तव, भाजपा घोसी मंडल अध्यक्ष नागेंद्र मद्धेशिया, मंडल उपाध्यक्ष इंद्र बहादुर सिंह, नवीन चौरसिया,भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष फिरोज अंसारी, एडीओ पंचायत आयु शाही, एडीओ समाज कल्याण शिव कुमार शर्मा तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. पंकज समेत अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
शिविर में स्वयं सहायता समूह की महिलाएं, आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियां तथा विकास खंड के विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी भी शामिल रहे। ग्रामीणों ने विभिन्न स्टॉलों पर पहुंचकर योजनाओं की जानकारी ली और उपलब्ध सेवाओं का लाभ उठाया।


























































Leave a comment