आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम में 220 आंगनबाड़ीकार्यकत्री-सहायिकाएं हुई सम्मानित , कुपोषण से बाहर आए बच्चों के माता-पिता भी हुए सम्मानितम
देवरिया । रामपुर कारखाना, सेवा संकल्प अभियान के तहत रामपुर कारखाना विकासखंड के सभागार में आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रामपुर कारखाना विधायक सुरेंद्र चौरसिया ने उत्कृष्ट कार्य करने वाली 220 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं को अंगवस्त्र व सम्मान पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। इस दौरान हेल्थी बेबी प्रतियोगिता आयोजित हुई जिसमें तीन बच्चे प्रथम, द्वितीय व तृतीय चुनें गए। दो बच्चों का अन्नप्राशन एवं दो गर्भवती महिलाओं की गोदभराई कराई गई। कुपोषित एवं अति कुपोषित श्रेणी से स्वस्थ हुए दो बच्चों के माता-पिता को सम्मानित किया गया।
विधायक सुरेंद्र चौरसिया ने कहा कि बच्चों और गर्भवती महिलाओं के पोषण एवं स्वास्थ्य की देखभाल में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। उनके द्वारा बच्चों की देखभाल, उचित पोषण, संस्कार एवं शिक्षा के साथ गर्भवती महिलाओं की देखरेख के लिए किए जा रहे कार्य सराहनीय हैं। उत्कृष्ट कार्य करने वाली कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं को सम्मानित करने से उनका हौसला और मनोबल बढ़ेगा तथा विभागीय कार्यों को भी और गति मिलेगी।
उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य है कि कोई भी बच्चा कुपोषित न रहे और प्रत्येक गर्भवती महिला को समुचित पोषण एवं स्वास्थ्य सुविधाएं मिलें। कुपोषित श्रेणी से बाहर आए बच्चों के माता-पिता का सम्मान अन्य परिवारों को भी बच्चों के पोषण और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने में प्रेरणादायी साबित होगा।
खंड विकास अधिकारी सुश्री प्रियंका चौधरी ने कहा कि बच्चे और नौनिहाल ही देश के भविष्य हैं। उन्हें सुरक्षित एवं स्वस्थ जीवन उपलब्ध कराना हम सभी की प्राथमिकता है।
कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि त्रिलोकी नाथ त्रिपाठी, सीडीपीओ, वरिष्ठ सहायक सूरज कौनौजिया, प्रियांशी मणि त्रिपाठी, ऋषिका पाण्डेय, बरियारपुर भाजपा मंडल अध्यक्ष दिवाकर चंद्र यादव, भाजपा मंडल अध्यक्ष, संबंधित भाजपा कार्यकर्ता तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।




























































Leave a comment