Latest News / ताज़ातरीन खबरें

स्कॉर्पियो ने बाइक में मारी जोरदार टक्कर, मासूम समेत चार घायल

देवरिया भागलपुर। मईल थाना क्षेत्र के भागलपुर चौराहे से कुछ दूरी पर शुक्रवार को तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने मोटरसाइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में पांच माह के मासूम समेत बाइक सवार चार लोग घायल हो गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि आसपास के लोग सहम गए और घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सभी घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भागलपुर पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार किया जा रहा है।
बताया जाता है कि तेलिया कला निवासी शबनम पत्नी मंसूर (35), कुलसुम पत्नी रिजवान (37), फैजान पुत्र रिजवान (18) तथा मीरपुर थाना रामपुर बेलौली, जनपद मऊ निवासी करीब पांच माह का मासूम एक ही मोटरसाइकिल से भागलपुर की ओर जा रहे थे। परिवार मोटरसाइकिल एजेंसी पर वाहन की किस्त जमा करने के लिए जा रहा था। अभी वे भागलपुर चौराहे से करीब 100 मीटर आगे ही पहुंचे थे कि बेल्थरा रोड-बलिया की ओर से देवरिया जा रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने बाइक में टक्कर मार दी।
हादसे के बाद स्कॉर्पियो चालक वाहन लेकर मौके से भागने लगा। घटना की सूचना भागलपुर चौकी के कांस्टेबल इजहार अहमद और योगेश यादव ने तत्काल थाने को दी। सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई और वायरलेस के माध्यम से आसपास के क्षेत्रों में सूचना प्रसारित कर नाकाबंदी कराई गई। पुलिस की सक्रियता से स्कॉर्पियो और उसके चालक को पकड़े जाने की जानकारी है।
घायलों में शबनम, कुलसुम, फैजान और पांच माह का मासूम शामिल हैं। मासूम के पैर में चोट लगी है तथा सिर में भी चोट होने की बात बताई जा रही है। वहीं शबनम की हालत गंभीर बताई जा रही है। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर घायलों को जिला अस्पताल रेफर किए जाने की बात सामने आई है।
पुलिस ने घटना की जानकारी जुटाते हुए आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार तहरीर मिलने के बाद मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh