Crime News / आपराधिक ख़बरे

गया जंक्शन पर ऑपरेशन नारकोस के तहत बड़ी कार्रवाई, 15.822 किलो गांजा बरामद

• तेजस राजधानी एक्सप्रेस से गांजा ले जा रही 26 वर्षीय महिला गिरफ्तार, बरामद माल की कीमत करीब ₹7.91 लाख

गया। बिहार के गया जंक्शन पर नशे की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन नारकोस के तहत आरपीएफ, अपराध आसूचना शाखा और जीआरपी की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने भुवनेश्वर से नई दिल्ली जा रही तेजस राजधानी एक्सप्रेस से 15.822 किलोग्राम गांजा बरामद करते हुए एक 26 वर्षीय महिला यात्री को गिरफ्तार किया है।

जानकारी के अनुसार, सुरक्षा टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि ट्रेन संख्या 22811 तेजस राजधानी एक्सप्रेस में एक महिला यात्री मादक पदार्थ लेकर यात्रा कर रही है। सूचना के आधार पर ट्रेन के गया जंक्शन पहुंचने पर प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर कोच A-3 की जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान संदिग्ध महिला की पहचान कर उसके सामान की तलाशी ली गई। तलाशी में उसके एक पिट्ठू बैग और एक ट्रॉली बैग से कुल 15 बंडल बरामद किए गए। जांच और वजन किए जाने पर इन बंडलों में कुल 15.822 किलोग्राम गांजा पाया गया। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत ₹7,91,100 बताई गई है।

ओडिशा से दिल्ली ले जाने का आरोप

गिरफ्तार महिला की पहचान मीणा कुमारी (26), पिता गंगा दास, निवासी गोबरडीहा, पोस्ट नैली, थाना खिजरसराय, गया के रूप में हुई है।

रिपोर्ट के मुताबिक, पूछताछ में महिला ने बताया कि वह ओडिशा के जाजपुर क्योंझर रोड से गांजा लेकर दिल्ली जा रही थी। हालांकि गांजा किस व्यक्ति से लिया गया था और दिल्ली में इसकी डिलीवरी किसे दी जानी थी, इसकी जांच अभी जारी है।

गांजा, महिला और दस्तावेज जीआरपी को सौंपे

कार्रवाई के बाद आरपीएफ ने बरामद गांजा, गिरफ्तार महिला तथा संबंधित दस्तावेजों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए जीआरपी गया को सौंप दिया है।

अब जांच एजेंसियां कथित तस्करी के पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी हैं। पुलिस यह जानने का प्रयास कर रही है कि गांजे की आपूर्ति करने वाला कौन था, दिल्ली में इसे किसे पहुंचाया जाना था और इस नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।

फिलहाल महिला को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले की आगे की जांच जीआरपी गया द्वारा की जा रही है। आरोपों पर अंतिम निष्कर्ष जांच और न्यायिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही सामने आएगा।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh