Latest News / ताज़ातरीन खबरें

आजमगढ़: मेहनाजपुर में दहेज हत्या के मामले में त्वरित कार्रवाई, आरोपी पति और भसुर गिरफ्तार

मेहनाजपुर (आजमगढ़):थाना क्षेत्र के चिल्लूपुर गांव में विवाहिता बबीता राजभर की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में मेहनाजपुर पुलिस ने बड़ी और त्वरित कार्रवाई की है। पुलिस ने मामले में नामजद वांछित अभियुक्तों (पति और भसुर) को उनके घर से दबिश देकर गिरफ्तार कर लिया है।

दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप

गाजीपुर जिले के मौधा (थाना खानपुर) निवासी श्यामजीत राजभर पुत्र स्व. फेक्कन राजभर ने 12 सितंबर 2026 को मेहनाजपुर थाने में नामजद तहरीर दी थी। तहरीर के अनुसार, उनकी पुत्री बबीता राजभर का विवाह चिल्लूपुर निवासी राजन राजभर पुत्र रामबचन राजभर के साथ हुआ था। परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही पति राजन राजभर और भसुर आनंद राजभर अतिरिक्त दहेज व पैसों की मांग को लेकर बबीता को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे। इसी प्रताड़ना के बीच शनिवार (12 सितंबर) को संदिग्ध परिस्थितियों में बबीता की मौत हो गई।

बीएनएस व दहेज प्रतिषेध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज

पिता की तहरीर के आधार पर मेहनाजपुर पुलिस ने मु.अ.सं. 81/2026 के तहत बीएनएस की धारा 80(2), 85 एवं 3/4 डीपी एक्ट (दहेज प्रतिषेध अधिनियम) में गंभीर धाराओं में मामला पंजीकृत किया। मुकदमे की विवेचना क्षेत्राधिकारी लालगंज द्वारा की जा रही है।

पुलिस टीम ने दबिश देकर 24 घंटे के भीतर किया गिरफ्तार

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी लालगंज व थानाध्यक्ष अखिलेश कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में उपनिरीक्षक दीपक कुमार ने पुलिस बल के साथ रविवार (13 सितंबर 2026) को दोपहर करीब 2:30 बजे आरोपियों के घर पर दबिश दी। मौके से दोनों नामजद अभियुक्तों—राजन राजभर (27) और आनंद राजभर (29)—को गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस टीम में उपनिरीक्षक दीपक कुमार के साथ मुख्य आरक्षी संजय यादव, आरक्षी अजय चौहान, शैलेंद्र सिंह और विशाल शर्मा शामिल रहे। पुलिस द्वारा गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ अग्रिम कानूनी कार्रवाई कर उन्हें न्यायालय भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh