Latest News / ताज़ातरीन खबरें

12 जुलाई को सुलतानपुर में लगेंगे 53.15 लाख पौधे, तैयारियों की मंडलायुक्त ने की समीक्षा

•'एक पेड़ माँ के नाम' अभियान के तहत सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक चलेगा महाअभियान, सभी विभागों को समय से तैयारियां पूरी करने और 100 प्रतिशत जियो टैगिंग के निर्देश
सुलतानपुर। जनपद में 12 जुलाई को प्रस्तावित वृहद वृक्षारोपण अभियान को सफल बनाने के लिए प्रशासन ने पूरी ताकत झोंक दी है। शुक्रवार को नवीन कलेक्ट्रेट सभागार में मंडलायुक्त अयोध्या एवं जनपद के नोडल अधिकारी राजेश कुमार की अध्यक्षता में जिला वृक्षारोपण समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में अभियान की तैयारियों की बिंदुवार समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समयबद्ध ढंग से सभी व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह, पुलिस अधीक्षक चारू निगम, संयुक्त विकास आयुक्त राजेश कुमार तथा मुख्य विकास अधिकारी विनय कुमार सिंह सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
जिलाधिकारी ने मंडलायुक्त को अवगत कराया कि शासन द्वारा सुलतानपुर जनपद के लिए 53 लाख 15 हजार 700 पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए विभिन्न विभागों ने लगभग 97 प्रतिशत पौधों का नर्सरियों से उठान कर लिया है। शेष पौधों की उपलब्धता भी समय रहते सुनिश्चित कर ली जाएगी।
उन्होंने बताया कि 12 जुलाई को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक पूरे जिले में एक साथ पौधरोपण किया जाएगा। इसके लिए समृद्धि वन, कपिवन, ऊर्जा वन, समरस वन, ग्राम वन, नंदन वन, आयुष वन, नक्षत्र वन, पंचवटी, शक्ति वन और हरिशंकरी सहित विभिन्न थीम आधारित स्थलों का चयन कर तैयारियां पूरी की जा रही हैं। गड्ढों की खुदाई, पौधों की उपलब्धता तथा जनप्रतिनिधियों के पौधरोपण स्थलों का भी चिन्हांकन कर लिया गया है।
मंडलायुक्त राजेश कुमार ने सभी विभागों को स्पष्ट निर्देश दिए कि अभियान में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण के बाद प्रत्येक पौधे की जियो टैगिंग अनिवार्य रूप से कराई जाए तथा इसके लिए कंट्रोल रूम स्थापित कर अगले ही दिन शत-प्रतिशत जियो टैगिंग पूरी कराई जाए।
उन्होंने वन विभाग, ग्राम विकास, गृह, उद्यान, लोक निर्माण विभाग समेत सभी संबंधित विभागों को समय से पौधों का उठान सुनिश्चित करने और शासन की गाइडलाइन के अनुरूप अभियान को व्यापक जनसहभागिता के साथ सफल बनाने के निर्देश दिए।
बैठक में यह भी तय किया गया कि अभियान में जनप्रतिनिधियों के अलावा छात्र-छात्राओं, एनसीसी, एनएसएस, स्काउट-गाइड, महिला मंगल दल, युवक मंगल दल, नेहरू युवा केंद्र, स्वयंसेवी संस्थाओं तथा किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ) की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी, ताकि वृक्षारोपण जनआंदोलन का रूप ले सके।
मंडलायुक्त ने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनका संरक्षण और जीवित रखना भी उतनी ही बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी विभागों को पौधों की सुरक्षा के लिए ट्री-गार्ड, तारबाड़ तथा नियमित देखभाल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक के अंत में अधिकारियों से कहा गया कि अभियान को शासन की प्राथमिकता के अनुरूप पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी से संपन्न कराया जाए, ताकि सुलतानपुर प्रदेश के अग्रणी जिलों में अपनी पहचान कायम रख सके।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh