Crime News / आपराधिक ख़बरे

सीट विवाद की रंजिश में कैफियत एक्सप्रेस पर पथराव, जीआरपी ने 20 वर्षीय युवक को किया गिरफ्तार

आजमगढ़। कैफियत एक्सप्रेस में सीट को लेकर हुए विवाद की रंजिश में चलती ट्रेन पर पथराव करने वाले 20 वर्षीय युवक को जीआरपी आजमगढ़ ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने सरायमीर रेलवे स्टेशन के पास ट्रेन पर पत्थर फेंका था, जिससे जनरल कोच की खिड़की का शीशा टूट गया और कुछ यात्रियों को चोटें आई थीं।

जीआरपी प्रभारी निरीक्षक नासिर हुसैन ने बताया कि ट्रेनों पर पथराव की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत बुधवार को उपनिरीक्षक हेमंत कुमार यादव, हेड कांस्टेबल विवेक त्रिपाठी, कांस्टेबल धीरज यादव और कांस्टेबल धनंजय कुमार यादव की टीम ने मुखबिर की सूचना पर रेलवे स्टेशन आजमगढ़ के प्लेटफॉर्म नंबर-2 के पश्चिमी छोर से आरोपी शनि कुमार (20) पुत्र राजेश राम, निवासी मंजीरपट्टी, थाना सरायमीर को गिरफ्तार किया।

 

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि 30 जून को कैफियत एक्सप्रेस के जनरल कोच में सीट पर बैठने को लेकर कुछ यात्रियों से उसका विवाद और मारपीट हुई थी। इसी रंजिश में उसने सरायमीर के पास चलती ट्रेन पर पत्थर फेंक दिया। पत्थर लगने से कोच की खिड़की का शीशा टूट गया और कुछ यात्रियों को चोटें आईं।

जीआरपी ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस ने कहा कि ट्रेनों में पथराव और तोड़फोड़ जैसी घटनाओं में शामिल लोगों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh