नवविवाहिता के कमरे से शादी कराने वाला अगुवा मिला ।पति ने बाहर से लगाया ताला
आजमगढ़। बरदह थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात एक नवविवाहिता के मायके में हुए घटनाक्रम ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। विवाह कराने वाले अगुवा के नवविवाहिता के कमरे में होने की सूचना मिलने पर पति ससुराल पहुंच गया और कमरे का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया। शोर-शराबा होने पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची डायल-112 पुलिस दोनों को थाने ले गई, जहां देर रात तक पूछताछ और पंचायत का दौर चलता रहा।
जानकारी के अनुसार, बरदह थाना क्षेत्र की 27 वर्षीय युवती का विवाह 11 जून को जौनपुर जिले के बक्सा थाना क्षेत्र में हुआ था। विवाह के बाद वह 1 जुलाई को अपने मायके आई थी। बताया जाता है कि जौनपुर निवासी देवी प्रसाद राम, जो झाड़-फूंक करने के साथ सब्जी बेचने का कार्य करता है, दोनों परिवारों का पुराना परिचित है और उसी ने दोनों परिवारों के बीच विवाह तय कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।
परिजनों के अनुसार, विवाह के कुछ समय बाद देवी प्रसाद अपनी सब्जी की दुकान बंद कर लापता हो गया था। इसी बीच नवविवाहिता के पति को जानकारी मिली कि वह पिछले तीन दिनों से उसकी पत्नी के मायके में ठहरा हुआ है। सूचना की पुष्टि के लिए वह चुपचाप ससुराल पहुंचा और स्थानीय लोगों से जानकारी जुटाई। जब उसे विश्वास हो गया कि देवी प्रसाद घर के अंदर मौजूद है, तब उसने उसे रंगे हाथ पकड़ने की योजना बनाई।
बताया जाता है कि देर रात भीषण गर्मी के कारण युवती के माता-पिता घर के बाहर सो रहे थे। इसी दौरान पति ने संबंधित कमरे का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया और शोर मचाकर आसपास के लोगों को बुला लिया। कुछ ही देर में मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया।
सूचना मिलने पर डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को बरदह थाने ले गई। इसके बाद दोनों पक्षों के परिजनों को भी बुलाया गया, जहां देर रात तक बातचीत और पंचायत चलती रही। पुलिस दोनों पक्षों से पूछताछ कर पूरे घटनाक्रम की सच्चाई जानने में जुटी है। बरदह थाना पुलिस के अनुसार, अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से कोई लिखित तहरीर नहीं दी गई है। मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।




















































Leave a comment