यूपी टीईटी परीक्षा के पहले दिन दो पालियों में हुई परीक्षा, डीएम-एसएसपी ने किया परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण
आजमगढ़। उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (UP TET) के पहले दिन गुरूवार को जनपद के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में परीक्षा शांतिपूर्ण एवं नकल विहीन वातावरण में संपन्न हुई। परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं सुचिता पूर्ण ढंग से कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। परीक्षा का अगला चरण 3 और 4 जुलाई को आयोजित किया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, आजमगढ़ तथा अग्रसेन कन्या इंटर कॉलेज का निरीक्षण किया। उन्होंने सीसीटीवी निगरानी, बायोमेट्रिक उपस्थिति, परीक्षार्थियों की प्रवेश प्रक्रिया तथा सुरक्षा व्यवस्था की बारीकी से जांच की। दोनों अधिकारियों ने परीक्षा कक्षों में जाकर परीक्षार्थियों से बातचीत की और ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों को परीक्षा नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देशित किया कि परीक्षा केंद्रों के भीतर मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण तथा अन्य प्रतिबंधित सामग्री किसी भी स्थिति में प्रवेश न करने दी जाए। वहीं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने परीक्षा केंद्रों के बाहर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती बनाए रखने तथा संदिग्ध गतिविधियों पर सतर्क निगरानी रखने के निर्देश दिए।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा में नकल कराने वालों और फर्जी अभ्यर्थियों के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई गई है। शेष परीक्षा भी 3 और 4 जुलाई को कड़े सुरक्षा प्रबंधों एवं निगरानी के बीच संपन्न कराई जाएगी।
























































Leave a comment