Latest News / ताज़ातरीन खबरें

अम्बारी मे गड्ढों में समाई बेटियों की राह, महिला महाविद्यालय की जर्जर सड़क पर ग्रामीणों का फूटा गुस्सा

वर्षों से नहीं हुई मरम्मत, छात्राओं की सुरक्षा पर मंडरा रहा खतरा; ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री से लगाई गुहार

अम्बारी (आजमगढ़)। फूलपुर तहसील क्षेत्र स्थित गया प्रसाद स्मारक राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय, अंबारी को जोड़ने वाली सड़क वर्षों से बदहाल पड़ी है। करीब दो किलोमीटर लंबा यह मार्ग लखनऊ-बलिया राजमार्ग से महाविद्यालय होते हुए शेखपुर पिपरी गांव तक जाता है, लेकिन लंबे समय से मरम्मत न होने के कारण सड़क गहरे गड्ढों में तब्दील हो चुकी है। इससे प्रतिदिन आवागमन करने वाली छात्राओं और ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों के अनुसार, इस मार्ग से हर रोज सैकड़ों छात्राएं महाविद्यालय पहुंचती हैं। सड़क की जर्जर स्थिति के कारण आए दिन छात्राएं फिसलकर गिर जाती हैं और चोटिल हो जाती हैं। गर्मी के दिनों में उड़ती धूल और बरसात में गड्ढों में भरने वाला पानी राहगीरों की मुश्किलें कई गुना बढ़ा देता है।

पूर्व प्रधान असलम ने बताया कि महाविद्यालय के तत्कालीन प्राचार्य हरिबंश यादव ने कई बार संबंधित विभागों और जनप्रतिनिधियों को पत्र भेजकर सड़क निर्माण की मांग की थी, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।

ग्रामीण बीनू विश्वकर्मा, इफ्तेखार, अखिलेश, जावेद सहित अन्य लोगों का कहना है कि यह मार्ग शिक्षा के मंदिर तक पहुंचने का प्रमुख रास्ता है। इसके बावजूद सड़क की बदहाली प्रशासनिक उदासीनता को दर्शाती है। उनका कहना है कि यदि समय रहते सड़क का निर्माण नहीं कराया गया तो किसी दिन बड़ा हादसा हो सकता है।

शेखपुर पिपरी निवासी बीनू विश्वकर्मा ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सड़क का शीघ्र निर्माण कराने की मांग करते हुए कहा कि बेटियों की सुरक्षित शिक्षा और हजारों ग्रामीणों की सुविधा के लिए इस सड़क का जल्द निर्माण कराया जाना अत्यंत आवश्यक है।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh