Latest News / ताज़ातरीन खबरें

राशन वितरण में लापरवाही पर डीएम का सख्त रुख, सभी पूर्ति निरीक्षकों को कारण बताओ नोटिस

देवरिया। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में खाद्य एवं रसद, खाद्य सुरक्षा, आपूर्ति विभाग, डिप्टी आरएमओ, मंडी समिति, सहकारिता एवं बाट-माप विभाग की समीक्षा बैठक कर अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर कड़ा रुख अपनाया। आईजीआरएस शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही एवं त्रुटिपूर्ण आख्या मिलने पर सभी पूर्ति निरीक्षकों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही 15 दिनों के भीतर कार्यप्रणाली में सुधार लाने की चेतावनी देते हुए कहा कि सुधार नहीं होने पर प्रतिकूल प्रविष्टि दर्ज की जाएगी।
बैठक में जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि पात्र लाभार्थियों को समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से राशन वितरण सुनिश्चित किया जाए। रिक्त उचित दर की दुकानों के आवंटन की प्रक्रिया भी प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरी करने को कहा। डिप्टी आरएमओ को खाद्यान्न का उठान और वितरण समय पर कराने के निर्देश दिए गए।

मंडी समिति की समीक्षा के दौरान डीएम ने कहा कि किसानों से जुड़ी सभी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन किया जाए ताकि अधिक से अधिक किसानों को लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि खाद्य एवं रसद, खाद्य सुरक्षा, मंडी समिति तथा बाट-माप विभाग सीधे आमजन और किसानों से जुड़े हैं, इसलिए इनके कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि विभाग को नियमित अभियान चलाकर खाद्य पदार्थों एवं औषधियों की गुणवत्ता की जांच करने तथा मिलावट के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। सहकारिता विभाग को सहकारी समितियों को पूरी तरह सक्रिय रखने और किसानों के लिए खाद-बीज की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया। बैठक में जिला पूर्ति अधिकारी, एआर कोऑपरेटिव, डिप्टी आरएमओ, सचिव मंडी समिति, खाद्य सुरक्षा विभाग, बाट-माप विभाग सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh