चेवता मोड़ के पास टाटा हैरियर और पिकअप की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर! पांच लोग हुए घायल
आजमगढ़ जनपद के कंधरापुर थाना क्षेत्र के चेवता मोड़ स्थित इंडियन पेट्रोल पंप के पास गुरुवार को टाटा हैरियर और पिकअप वाहन के बीच हुई आमने-सामने की भीषण टक्कर में पांच लोग घायल हो गए। हादसा इतना जबरदस्त था कि पिकअप का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि टाटा हैरियर के एयरबैग खुल जाने से उसमें सवार लोगों की जान बाल-बाल बच गई। जानकारी के अनुसार टाटा हैरियर कप्तानगंज से आजमगढ़ की ओर जा रही थी। चेवता मोड़ के पास चालक ने यू-टर्न लेकर वापस कप्तानगंज की ओर जाने का प्रयास किया। इसी दौरान आजमगढ़ की ओर से आ रही पिकअप से उसकी आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि आसपास के लोग आवाज सुनकर मौके पर पहुंच गए और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। हादसे में टाटा हैरियर का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि पिकअप के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हैरियर के एयरबैग समय पर खुलने से उसमें बैठे लोगों को गंभीर चोटों से काफी हद तक बचाव मिला।दुर्घटना में कुल पांच लोग घायल हुए। हैरियर में सवार दो घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल, आजमगढ़ भेजा गया, जबकि पिकअप में सवार तीन घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रानीपुर में भर्ती कराया गया। सभी घायलों का इलाज जारी है। सूचना मिलते ही कंधरापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायलों को अस्पताल भिजवाने के साथ क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात बहाल कराया। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच पड़ताल कर रही थी।
























































Leave a comment