सड़क पार कर रहे 11 वर्षीय बालक की दर्दनाक मौत, तेज रफ्तार बोलेरो ने रौंदा
देवरिया ।जनपद के खुखुंदू थाना क्षेत्र में एक हृदयविदारक सड़क हादसे में 11 वर्षीय बालक हरिओम गोंड की दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा बुधवार (1 जुलाई) को पुरैना चौराहे के पास उस समय हुआ, जब वह सड़क पार कर अपने पिता के ठेले की ओर जा रहा था।
मिली जानकारी के अनुसार, रायपुरवा गांव निवासी बाबूलाल गोंड का पुत्र हरिओम गोंड अपने पिता के साथ ठेले पर भुजा और नमकीन बेचने में हाथ बंटाता था। बुधवार को वह पैदल अपने पिता के पास जा रहा था। जैसे ही वह पुरैना चौराहे के समीप सड़क पार करने लगा, देवरिया की ओर से तेज रफ्तार में आ रही एक बोलेरो ने उसे जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने गंभीर रूप से घायल बालक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना से पूरे परिवार में कोहराम मच गया। हरिओम तीन भाइयों में सबसे बड़ा था और उसकी असमय मृत्यु से गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद बोलेरो चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर वाहन व चालक की तलाश शुरू कर दी है।
यह हादसा एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाह वाहन चालकों पर सख्त कार्रवाई की आवश्यकता को उजागर करता है। साथ ही, यह घटना गोंड आदिवासी समाज सहित पूरे क्षेत्र के लिए अत्यंत दुखद और पीड़ादायक है।
प्रशासन से दोषी चालक के विरुद्ध शीघ्र और कड़ी कार्रवाई की मांग करता है।

























































Leave a comment