Latest News / ताज़ातरीन खबरें

निर्माणाधीन गोदाम की छत ढही, कई मजदूरों के दबे होने की आशंका।

कोलकाता के तारातला क्षेत्र में हादसा, राहत-बचाव कार्य जारी चार लोगों को सुरक्षित निकाला गया।
कोलकाता। पश्चिम कोलकाता के तारातला थाना क्षेत्र में बुधवार दोपहर एक बड़ा हादसा हो गया। ब्रेस ब्रिज के पास ट्रांसपोर्ट डिपो रोड स्थित एक निर्माणाधीन गोदाम की छत अचानक भरभराकर ढह गई। हादसे के समय वहां कई मजदूर काम कर रहे थे, जिसके चलते मलबे के नीचे कई लोगों के दबे होने की आशंका जताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही कोलकाता पुलिस, आपदा प्रबंधन समूह (डीएमजी), सिविल डिफेंस तथा दमकल विभाग की टीमें तत्काल मौके पर पहुंच गईं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया। बचाव दल मलबा हटाकर फंसे लोगों को निकालने में जुटा हुआ है।
अधिकारियों के अनुसार अब तक चार लोगों को मलबे से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया है। वहीं अन्य संभावित फंसे मजदूरों की तलाश जारी है।
प्रशासन ने पूरे क्षेत्र को घेरकर आम लोगों की आवाजाही पर रोक लगा दी है। घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। 
प्रारंभिक तौर पर निर्माण कार्य के दौरान संरचनात्मक कमजोरी की आशंका जताई जा रही है, हालांकि जांच पूरी होने के बाद ही वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा। स्थानीय लोगों के अनुसार छत गिरने की आवाज काफी दूर तक सुनाई दी, जिसके बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। प्रशासन ने लोगों से संयम बरतने और बचाव कार्य में सहयोग करने की अपील की है।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh